कांग्रेस विधायक केपी सिंह पर केस दर्ज
शिवपुरी. पिछोर विधानसभा से 6 बार से कांग्रेस विधायक केपी सिंह कक्काजू पर सोमवार को पिछोर थाने में 294B के तहत केस दर्ज किया गया है। उनके खिलाफ महिला मोर्चा की मंडल अध्यक्ष मणिमाला गुप्ता ने सारिका भार्गव के साथ शिकायत की।
बता दें कि पिछोर विधायक केपी सिंह पिछोर में समर्थकों के साथ आगामी विधानसभा चुनाव लड़ने के संबंध में विचार विमर्श कर रहे थे। इसी दौरान उन्होंने समर्थकों के बीच पिछोर विधानसभा की जमीनी हकीकत जानने का प्रयास किया था। सभा की कुछ सेकंड की क्लिप इंटरनेट मीडिया पर वायरल हुई थी। वीडियो में केपी सिंह महिला और बुजुर्ग पति को लेकर कमेंट करते हुए सुनाई दे रहे थे। वीडियो वायरल होने के बाद भाजपा ने पिछोर विधायक को घेरना शुरू कर दिया था।
