ग्वालियर में स्विगी बॉय को बदमाशों ने लिफ्ट के बहाने रोककर लूटा

ग्वालियर. रेस्टोरेंट से फूड ऑर्डर डिलीवरी करने जा रहे स्विगी के डिलीवरी बॉय काे चार बदमाशों ने लिफ्ट के बहाने रोका और कट्‌टा अड़ाकर बाइक, मोबाइल लूट लिया है। घटना रविवार रात 11 बजे महाराजपुरा कुशवाह मार्केट के पास की है। घटना के बाद लूट के शिकार ने शोर मचाया और राहगीरों की मदद से लुटेरों का पीछा किया, लेकिन कुछ दूर के बाद आंखों से ओझल हो गए। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस अधिकारी भी मौके पर पहुंचे और नाकाबंदी कर चैकिंग की, लेकिन कोई सफलता नहीं मिली है। पुलिस ने मामला दर्ज कर पड़ताल शुरू कर दी है। पुलिस लुटेरों का पता लगाने CCTV कैमरे खंगाल रही है।

शहर के तारागंज अशोक स्तंभ के पास रहने वाला 28 वर्षीय आनंद उपाध्याय पुत्र गिर्राज उपाध्याय फूड डिलीवरी करने वाली स्विगी कंपनी में बतैर डिलीवरी बॉय का काम करता है। रविवार रात 11 बजे के लगभग वह बहरोज बिरयानी सिटी सेंटर रेस्टोरेंट से एक ऑर्डर लेकर महाराजपुरा कुशवाह मार्केट के लिए निकला था। अभी वह महाराजा कॉम्पलेक्स से कुशवाह मार्केट के लिए टर्न कर ही रहा था कि तभी एक बाइक पर चार लड़के आए और उसे ओवरटेक कर बाइक रोकने के लिए इशारा किया। उसे लगा कि बाइक पर चार युवक हैं तो उससे वह लिफ्ट मांग रहे होंगे। इस पर उसने बाइक रोक दी तो बाइक सवारों ने उसे घेर लिया। बाइक रोकने के बाद अभी डिलीवरी बॉय आनंद कुछ समझ पाता तभी एक युवक उसके पास आया और उससे बाइक छोड़ने के लिए कहा, उसके मना करते ही बदमाश ने उस पर कट्‌टा तान दिया। कट्टा और चार युवकों को देखते ही डिलीवरी बॉय के पसीने छूट गए। इसी बीच युवक ने उसे बाइक से उतारा और उसकी जेब में रखे करीब एक हजार रुपए और मोबाइल के साथ बाइक लेकर भाग गए।

 

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *