अधिकारियों को किया आगाह, समस्याओं के निराकरण के लिये दुबारा न कहना पड़े
कलेक्टर, नगर निगम आयुक्त और मुख्य महाप्रबंधक विद्युत भी बैठक में रहे मौजूद
ग्वालियर बिरला नगर औद्योगिक क्षेत्र के भीतर नियमित साफ-सफाई हो व हर दिन नगर निगम की कचरा गाड़ी पहुँचे, बिजली ट्रिपिंग व फ्लक्चुएशन की समस्या का तत्परता से समाधान करें और नियमित पुलिस गस्त हो। यह निर्देश ऊर्जा मंत्री प्रद्युम्न सिंह तोमर ने दिए हैं। श्री तोमर ने सोमवार को बिरला नगर औद्योगिक क्षेत्र की समस्याओं के समाधान को लेकर उद्यमियों, जिला प्रशासन, नगर निगम, विद्युत व पुलिस के अधिकारियों की संयुक्त बैठक ली। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि जो समस्याएँ आज बताई गई है उनका त्वरित निराकरण करें। साथ ही आगाह किया समस्याओं के निराकरण के लिए दुबारा कहने की जरूरत न पड़े।
बैठक में कलेक्टर अक्षय कुमार सिंह, नगर निगम आयुक्त हर्ष सिंह व मुख्य महाप्रबंधक विद्युत वितरण कंपनी राजीव गुप्ता व महाप्रबंधक नितिन मांगलिक, एसडीएम ग्वालियर सिटी अतुल सिंह, अपर आयुक्त नगर निगम आर.के. श्रीवास्तव व मुनीष सिकरवार एवं नगर पुलिस अधीक्षक नागेन्द्र सिंह सहित अन्य संबंधित अधिकारी मौजूद थे। साथ ही बिरला नगर इडस्ट्रियल एसोसिएशन के अध्यक्ष जगदीश मित्तल व लघु उद्योग भारती ग्वालियर के अध्यक्ष सोवरन सिंह तोमर सहित बिरला नगर औद्योगिक क्षेत्र की औद्योगिक इकाइयों के संचालकगण बैठक में उपस्थित थे।
ऊर्जा मंत्री ने नगर निगम आयुक्त से कहा कि बिरलानगर इंडस्ट्रीयल एरिया में साफ-सफाई के लिये अतिरिक्त कर्मचारी तैनात करें और प्रतिदिन कचरे का उठाव कराएँ। इसमें कोई ढ़िलाई न हो। उन्होंने विद्युत वितरण कंपनी के महाप्रबंधक को निर्देश दिए कि इंडस्ट्रीयल एरिया की बिजली संबंधी समस्याओं के समाधान के लिये सहायक यंत्री की नामजद ड्यूटी लगाएँ और इस क्षेत्र की सभी 60 औद्योगिक इकाईयों में ट्रिपिंग व बिजली फ्लक्चुएशन का सर्वे कराकर तत्परता से समाधान कराएँ। औद्योगिक क्षेत्र में नियमित पुलिस गश्त कराने के निर्देश भी उन्होंने इस क्षेत्र के नगर पुलिस अधीक्षक को दिए।
तानसेन रोड होगी चौड़ी और स्मार्ट सड़क का होगा निर्माण
उद्यमियों को खुशखबरी सुनाते हुए कहा कि तानसेन रोड को चौड़ा किया जायेगा और यह मार्ग स्मार्ट रोड के रूप में तब्दील होगा। इससे क्षेत्र में औद्योगिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा। उन्होंने कहा औद्योगिक क्षेत्र की सभी स्ट्रीट लाईटें चालू कराई जायेंगीं। साथ ही सीवर व पेयजल की समस्या का स्थायी समाधान किया जायेगा। उन्होंने जोर देकर कहा कि यहाँ की सुरक्षा व कानून व्यवस्था में कोई ढ़िलाई नहीं होगी।
