गरीब बहनों को हमेशा 450 रुपए में मिलेगा गैस सिलेंडर
खरगोन. मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने बड़ी घोषणा करते हुए कहा है कि वे गरीब बहनों को केवल सावन महीने में ही नहीं बल्कि हमेशा 450 रुपए में गैस सिलेंडर देंगे। सीएम शिवराज सिंह खरगोन जिले के सनावद में जन आशीर्वाद यात्रा रैली को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा – ‘सावन में मैंने कहा, रसोई गैस 450 रुपए में दूंगा। मैं पैसा डालने वाला हूं। उज्जवला में तो डालूंगा, लेकिन जो गैर उज्जवला वाले हैं, उनका रजिस्ट्रेशन करवा रहा हूं। और अब सुनो, केवल सावन के महीने में नहीं, हमेशा 450 रुपए में ही गैस दूंगा गरीब बहनों को।
सनावद की सभा में सीएम शिवराज सिंह के साथ भाजपा महासचिव कैलाश विजयवर्गीय समेत पार्टी के कई नेता भी मौजूद रहे।
अब 60 पर्सेंट वाले को भी लैपटॉप
मुख्यमंत्री शिवराज सिंह ने एक और बड़ी घोषणा करते हुए कहा कि 12वीं में अब 60 पर्सेंट लाने वाले स्टूडेंट्स को भी लैपटॉप दिया जाएगा। अगले साल से हर स्कूल में 12वीं में टॉप थ्री पोजिशन पर आने वाले स्टूडेंट्स को स्कूटी दी जाएगी। सीएम ने मुख्यमंत्री जन आवास योजना की भी घोषणा की। सीएम ने कहा- अभी तक 12वीं में 75 फीसदी अंक लाने पर लैपटॉप दे रहे थे। अगले साल जो बच्चे 60 फीसदी अंक लाएंगे, उन्हें भी इसका लाभ देंगे।
सनावद में सभा के बाद सीएम शिवराज सिंह चौहान रोड शो के रूप में भीकनगांव के लिए निकले। सनावद से भीकनगांव की दूरी करीब 40 किलोमीटर है।
एडमिशन फीस भाजपा सरकार भरेगी
मुख्यमंत्री ने कहा- मेडिकल कॉलेज, इंजीनियरिंग कॉलेज के अलावा अन्य किसी भी बड़े शिक्षण संस्थान में हमारे गरीब भाई-बहनों के बच्चे एडमिशन लेंगे, तो उसकी फीस मध्यप्रदेश की भाजपा सरकार भरेगी। ये बच्चे किसी भी जाति-धर्म के हो सकते हैं। हमने आयुष्मान योजना में भी विस्तार किया है। जो गरीब और किसान हैं, उन सबको जोड़कर 5 लाख रुपए तक का इलाज साल में फ्री में करवाया जाएगा।
सीएम शिवराज का 40 किमी का रोड शो
सनावद में सभा के बाद सीएम शिवराज सिंह चौहान रोड शो के रूप में भीकनगांव के लिए निकले। भीकनगांव तक सीएम शिवराज सिंह 40 किलोमीटर का फासला तय किया। इस दौरान उनका रथ 12 गांवों से होकर गुजरा। जगह जगह जन आशीर्वाद यात्रा का स्वागत हुआ। महिलाओं ने सीएम शिवराज सिंह को राखियां बांधी। भीकनगांव नगर में भी सीएम ने करीब डेढ़ किमी तक रोड़ शो किया। इसके बाद सभा को संबोधित किया।
