14 सितंबर को MP में रहेंगे पीएम मोदी

भोपाल. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एक बार फिर मध्यप्रदेश दौरे पर आने वाले हैं। इस बार वे सागर जिले के बीना में 14 सितम्बर को आएंगे। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भारत पेट्रोलियम कार्पोरेशन लिमिटेड (बीपीसीएल) की रिफाइनरी में करीब 50 हजार करोड़ की लागत से निवेश संबंधी कार्यों का भूमिपूजन करने वाले हैं। मध्यप्रदेश में दो माह बाद होने वाले विधानसभा चुनाव से पहले यह भाजपा का अहम कार्यक्रम बताया जा रहा है।

सीएम ने वीडियो कांफ्रेंसिंग के जरिए तैयारियों की समीक्षा की
मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने प्रधानमंत्री के दौरे की जानकारी देते हुए बताया कि बीना के आगासौद में भारत पेट्रोलियम कार्पोरेशन का तेलशोधक कारखाना (रिफाइनरी) स्थित है। पीएम मोदी यहां 50 हजार करोड़ रुपए की लागत से होने वाले निवेश का भूमिपूजन करेंगे। इससे पहले सीएम शिवराज सिंह चौहान ने प्रधानमंत्री के दौरे को देखते हुए वीडियो कांफ्रेंसिंग के जरिए तैयारियों की समीक्षा की। मुख्यमंत्री ने बताया कि राज्य में निवेश संबंधी कई कार्य हो रहे हैं। इससे हजारों लोगों को प्रत्यक्ष और परोक्ष रूप से रोजगार मिलेगा। मुख्यमंत्री ने राज्य में हुए विकास कार्यों का जिक्र करते हुए कहा कि विकास रथों के जरिए विभिन्न जिलों और अंचलों तक विकास कार्यों के बारे में आम लोगों को जानकारी दी जाएगी।

25 सितंबर को भोपाल आएंगे मोदी
14 सितंबर को बीना में कार्यक्रम के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भोपाल भी आने वाले हैं। वे 25 सितंबर को ‘कार्यकर्ता महाकुंभ’ को संबोधित करेंगे। इस महाकुंभ में प्रदेशभर से 10 लाख कार्यकर्ता एक साथ शामिल होंगे। इसी आयोजन में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा भी शामिल होंगे। चुनाव से पहले यह भाजपा का सबसे बड़ा शक्ति प्रदर्शन माना जा रहा है। इससे पहले, प्रदेश में जन आशीर्वाद यात्राएं निकाली जाएंगी, जिसका समापन 25 सितंबर को होगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *