मुरैना में गुप्त कोठरी बनाकर चला रहे थे अवैध हथियारों की फैक्ट्री, दो गिरफ्तार

मुरैना. सराय छोला थाना क्षेत्र के गोपियापुरा गांव के बीचों बीच एक मकान में चल रहे अवैध हथियार बनाने के कारखाने को पुलिस ने पकड़ा है। पुलिस ने मौके से इन हथियारों को बनाने वाले कारीगर सहित उसके सप्लायर साथी को भी गिरफ्तार किया है। खास बात यह है कि इस कारखाने को मकान में बने एक गुप्त कोठरी में संचालित किया जा रहा है, जिसके अंदर भी घुसने के लिए महज दो फीट के करीब गेट था। यह कोठरी ऐसी थी कि घर में आने वाले व्यक्ति को इसका पता ही न चल सके। पुलिस अब पकड़े गए दोनों आरोपितों से उनके अन्य साथियों के बारे में भी पूछताछ कर रही है।

चुनावों को मद्देनजर रखते हुए पुलिस कार्रवाई कर रही
गौरतलब है कि चुनावों को मद्देनजर रखते हुए पुलिस इन दिनों अवैध हथियारों पर सख्ती से कार्रवाई कर रही है। हर थाना प्रभारी को अवैध हथियार धारकों पर कार्रवाई करने के निर्देश दे दिए गए है। जिसके चलते पुलिस लगातार इनकी धर पकड़ में जुटी हुई है।

तलाशी ली तो एक 315 बोर का कट्टा मिला
रविवार को सायबर सेल को सूचना मिली कि छत्ते का पुरा की पुलिया पर एक युवक काली टीशर्ट में अवैध हथियार लेकर जा रहा है। इसी सूचना पर सरायछौला और कोतवाली की टीम ने जाकर युवक को पकड़ लिया। युवक हाथ में एक थैला लिए हुए था, जिसकी तलाशी ली तो उसमें एक 315 बोर का कट्टा मिला। पकड़ा गया युवक पलपुरा का वीरेंद्र बघेल था। पुलिस ने उसे पकड़कर सख्ती से पूछताछ की तो वीरेंद्र ने बताया कि वह यह कट्टा गोपियापुरा से लेकर आया है, जहां इनको बनाने का कारखाना है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *