गोपाल मंदिर के राधा-कृष्णा जन्माष्टमी पर 100 करोड़ रूपये के आभूषणों से सुसज्जित रहते हैं, सिंधियाकालीन मंदिर में हीरा, पन्ना, माणिक, पुखराज धारत करते हैं भगवान

ग्वालियर. जन्माष्टमी के मौके पर गोपाल मंदिर में भगवान राधा-कृष्ण 100 करोड़ रूपये के आभूषणों से श्रृंगार करते हैं। सिंधिया रियासत के समय के इन आभूषणों में सोना, हीरा, नीलम, पन्ना, माणिक और पुखराज जैसे बेशकीमती रत्न से सुसज्जित है। यह गहने एंटिक है। इन्हें वर्षभर सैट्रल बैंक ऑफ इंडिया के लॉकर में विशेष सुरक्षा में रखा जाता है। जन्माष्टमी की सुबह उनको कड़ी पुलिस सुरक्षा के बीच बैंक के लॉकर से निकालकर लाया जाता है। जिसके बाद गहनों और उनमें जड़े रत्नों की गणना करने के बाद भगवान राधा-कृष्ण को यह पहनाये जाते हैं।
जन्माष्टमी पर आभूषणों से सुसज्जित होने के बाद ही भक्त उनके दर्शन करते हैं। इस बार जन्माष्टमी 7 सितम्बर को मनाई जा रही है। इस बीच मंदिर के आसपास लगभग 200 से अधिक पुलिस के जवान व अधिकारी तैनात किये जाते हैं। इस गोपाल मंदिर की स्थाना लगभग 102 वर्ष पूर्व सिंधिया घराने ने ही कराई थी। यह बेशकीमती रत्न जड़े आभूषण सिंधिया राजघराने की देन है। जब राधा-कृष्ण इन आभूषणों को पहनते है तो उनकी सज्जा सभी को मोहित कर देन वाली होती है।

रत्न जो राधा मैया के हार में जड़े हुए हैं

सिंधिया परिवार ने 102 साल पहले  की थी मंदिर की स्थापना
गोपाल मंदिर की स्थापना 1921 में ग्वालियर रियासत के तत्कालीन शासक माधवराव सिंधिया प्रथम ने की थी। उन्होंने भगवान की पूजा के लिए चांदी के बर्तन और पहनाने के लिए रत्न जड़ित सोने के आभूषण बनवाए थे। इनमें राधा-कृष्ण के 55 पन्ना जड़ित सात लड़ी का हार, सोने की बांसुरी जिस पर हीरे और मालिक लगे हैं, सोने की नथ, जंजीर और चांदी के पूजा के बर्तन हैं। हर साल जन्माष्टमी पर इन जेवरातों से राधा-कृष्ण का शृंगार किया जाता है। इस स्वरूप को देखने के लिए भक्त सालभर का इंतजार करते हैं। यही वजह है कि भक्तों का दर्शन के लिए तांता लगा रहता है। इनमें विदेशी भक्त भी शामिल रहते हैं।
नगर निगम करता है रख-रखाव का प्रबंधन
गोपाल मंदिर में राधा-कृष्ण पर चढ़ाए जाने वाले बेशकीमती व एंटीक गहनों का रख-रखाव और उनको बैंक से निकालने का काम नगर निगम प्रशासन के जिम्मे रहता है। गोपाल मंदिर में विराजमान राधाकृष्ण के विशेष श्रृंगार के लिए बेशकीमती गहनों को बैंक लॉकर में रखा जाता है। नगर निगम ग्वालियर के पास इनको निकालने व रखने का अधिकार है। जन्माष्टमी से पहले एक समिति बनाई जाती है, जो जन्माष्टमी की सुबह गहनों को बैंक लॉकर से निकालकर राधा-कृष्ण का शृंगार करवाती है। रात भर मंदिर भक्तों के लिए खुला रहता है। अगले दिन सुबह गहने निकालकर उन्हें बॉक्स में रखकर वापस बैंक लॉकर में रखवा दिया जाता है। यह पुलिस की विशेष सुरक्षा में रहता है। जब गहने निकाले जाते हैं तो 30 से 40 पुलिस जवान ट्रिपल लेयर सिक्युरिटी देते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *