ग्वालियर में 18 घंटे में एक ही स्पॉट पर दो बार चाकूबाजी, सफाई कर्मचारी हालत गंभीर

ग्वालियर. पुलिस वारदातों को रोकने में नाकाम साबित हो रही है। बीते 18 घंटे में शहर के एक ही पॉइंट पर दो बार चाकूबाजी हुई है। जिसमें एक होनहार छात्र की मौत हो गई, जबकि एक युवक की हालत गंभीर बनी हुई है। यह स्पॉट शहर के कंपू थाना स्थित कटोरा ताल है। शनिवार-रविवार दरमियानी रात 1 बजे यहां कुछ बदमाशों ने बिना किसी वजह के एक छात्र की चाकू से गोद कर हत्या कर दी थी। अभी पुलिस उसके आरोपियों को भी नहीं पकड़ सकी थी कि रविवार शाम 6 बजे एक सफाई कर्मी को बदमाशों ने चाकू से गोद दिया। उसकी हालत गंभीर बनी हुई है। घायल को जेएएच के ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया गया है। उसकी हालत बेहद नाजुक है।

यह है पूरा मामला
ग्वालियर के कटोराताल के पास ओफो की बगिया में रहने वाला 28 वर्षीय मनीष करोसिया सफाई कर्मचारी है। वह ड्यूटी खत्म कर रविवार शाम अपने घर लौट रहा था तभी बाइक पर सवार होकर आए दो नकाबपोश बदमाशों ने उसे रास्ते में ही घेरकर ताबड़तोड़ चाकू से हमला कर दिया। चाकू पेट में लगते ही युवक जमीन पर ही गिर पड़ा। जहां हमलावर बदमाश बाइक की स्पीड बढ़ाकर वहां से फरार हो गए। युवक पर हमला होता देखकर आसपास के दुकानदार अपनी दुकान को ताला मारकर वहां से भाग गए। पेट में चाकू लगने के बाद भी युवक गिरता पड़ता सड़क तक आया और आकर जमीन पर गिर पड़ा। जमीन पर युवक को घायल अवस्था में देखकर ड्यूटी पर तैनात दो पुलिसकर्मियों ने तत्काल उसे बाइक पर बिठाकर अस्पताल पहुंचाया था। जहां युवक की हालत नाजुक बनी हुई है। युवक पर हमले की खबर लगते ही पुलिस अधिकारी भी मौके पर जा पहुंचे। पुलिस ने जांच पड़ताल के बाद बदमाशों की तलाश शुरू कर दी है। पुलिस अब बदमाशों की तलाश के लिए वहां मौजूद लोगों से पूछताछ कर रही है और CCTV कैमरे चेक करने में जुट गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *