एक ही दिन में PM पद के INDIA में 3 दावेदार, अखिलेश, केजरीवाल और उद्धव ठाकरे
नई दिल्ली. मुंबई में 31 अगस्त और 1 सितम्बर को विपक्षी गठबंधन इंडिया की बैठक से पहले गंठबंधन की तरफ से पीएम पद के दावेदार के तौर पर 3 नाम सामने आये हैं। सबसे पहले आम आदमी पार्टी की ओर से दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल को विपक्ष का पीएम पद का उम्मीदवार बनाये जाने की मांग उठी। लेकिन इसके कुछ ही घंटों के बाद समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव और शिवसेना नता उद्धव ठाकरे को भी पीएम पद का दावेदार बनाये जाने की मांगें उठने लगी।
अखिलेश पीएम पद के योग्य दावेदार
समाजवादी पार्टी के नेता जूही सिंह ने कहा है कि हम चाहते हैं कि अखिलेश यादव विपक्षी गठबंधन की तरफ से प्रधानमंत्री उम्मीदवारों के चेहरों में से एक हो। उन्होंने कहा है कि अखिलेश यादव पीएम पद का चेहरा हों, सपा का हर कार्यकर्त्ता क्यों नहीं चाहेगा कि उनके नेता प्रधानमंत्री की कुर्सी तक पहुंचे? अखिलेश के अन्द यह काबिलियत भी है। वह किसी न किसी दिन इस पद तक जरूर पहुचेंगे। हालांकि गठबंधन सामूहिक तौर पर इस पर फैसला लेगा।
शिवसेना यूबीटी की तरफ से उद्धव ठाकरे का नाम
शिवसेना (यूबीटी) की नेता प्रियंका चतुर्वेदी ने कहा कि अगर कोई मुझसे पूछेगा तो मैं कहूंगी कि उद्धव ठाकरे को इंडिया गठबंधन की ओर से पीएम पद के उम्मीदवारों में से एक होना चाहिए. एक तरफ बीजेपी है, जो डर में सिर्फ एक ही नाम ले सकती है. अगर गलती से नितिन गडकरी का नाम सामने आ गया तो उनका करियर खत्म हो जाएगा.
उन्होंने कहा कि दूसरी तरफ हम हैं, इस बैठक में छह मुख्यमंत्री एक साथ आ रहे हैं. वरिष्ठ नेता एकजुट हो रहे हैं. हमने काम किया है और लोगों का समर्थन हमारे साथ है. हमारे पास ऐसा नेतृत्व है, जहां लोग सार्वजनिक तौर पर नाम ले सकते हैं.
आम आदमी पार्टी की तरफ से केजरीवाल को पीएम पद का दावेदार
विपक्षी गठबंधन INDIA की मुंबई में 31 अगस्त और 1 सितंबर को तीसरी बैठक होनी है. इससे पहले आम आदमी पार्टी ने दिल्ली के सीएम अरविंद केजरीवाल को विपक्ष का पीएम पद का उम्मीदवार बनाने की मांग रख दी है.
आम आदमी पार्टी की राष्ट्रीय प्रवक्ता प्रियंका कक्कर ने कहा कि अगर आप मुझसे पूछें तो मैं चाहूंगी कि अरविंद केजरीवाल प्रधानमंत्री पद के उम्मीदवार बनें. इतनी कमरतोड़ महंगाई में भी राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में महंगाई सबसे कम है.’
उन्होंने कहा कि दिल्ली में फ्री पानी, फ्री बिजली, फ्री शिक्षा, महिलाओं के लिए फ्री बस यात्रा, बुजुर्गों के लिए मुफ्त तीर्थ यात्रा की सुविधा दी जा रही है. इसके बावजूद सरप्लस बजट पेश किया गया. कक्कर ने कहा, केजरीवाल लगातार लोगों के मुद्दे उठाते रहे हैं और वे पीएम मोदी के खिलाफ चुनौती देने वाले के तौर पर उभरे हैं. उन्होंने मुखर तौर पर अपनी बात रखी है.
पीएम पद के लिए इंडिया गठंबधन में शामिल नहीं हुए: राघव चड्ढा
हालांकि, आम आदमी पार्टी की ओर से राज्यसभा सांसद राघव चड्ढा ने कहा कि पार्टी पीएम पद के लिए इंडिया गठबंधन में शामिल नहीं हुई है.अरविंद केजरीवाल प्रधानमंत्री बनने की दौड़ में नहीं है. हम बेहतर भारत के ब्लूप्रिंट और बेरोजगारी, महंगाई की बेड़ियों से देश को आजाद कराने के लिए इंडिया गठबंधन में शामिल हुए हैं.
बता दें कि इंडिया गठबंधन की तीसरी बैठक 31 अगस्त और एक सितंबर को मुंबई में होगी. इससे पहले गठबंधन की जून महीने में पहली बैठक पटना में और जुलाई में दूसरी बैठक बेंगलुरु में हुई थी. इसी बैठक में विपक्षी गठबंधन को इंडिया नाम दिया गया था.
