ग्वालियर दक्षिण से नारायण सिंह कुशवाहा, डबरा से इमरती का टिकट तय

भोपाल. हारी हुई विधानसभा सीटों पर उम्मीदवारों की दूसरी सूची भी भाजपा जल्द जारी कर सकती है। ऐसी 61 सीटें बची हुई हैं। दूसरी सूची में आधे से ज्यादा नाम होंगे। दो दौर की चर्चा के बाद ग्वालियर दक्षिण से पूर्व मंत्री नारायण सिंह कुशवाहा, बुरहानपुर से अर्चना चिटनीस, बैतूल से हेमंत खंडेलवाल, डबरा से इमरती देवी और दमोह से पूर्व मंत्री जयंत मलैया के बेटे सिद्धार्थ के नामों पर सहमति बन गई है।

ग्वालियर पूर्व से नरेंद्र सिंह के बेटे देवेंद्र और समीक्षा गुप्ता के नामों पर चर्चा
ग्वालियर पूर्व से देवेंद्र प्रताप तोमर (केंद्रीय मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर के बेटे) और समीक्षा गुप्ता के नामों पर चर्चा चल रही है। सहमति नहीं बनी तो तीसरा नाम भी आ सकता है। मुरैना सीट से रघुराज कंसाना, करैरा से जसमंत जाटव छितरी व दिमनी से गिर्राज दंडोतिया के नामों पर असमंजस है। सूत्रों का कहना है कि ज्योतिरादित्य सिंधिया खेमा सहमत हुआ तो इनके नाम बदले भी जा सकते हैं।
जबलपुर पश्चिम में अभिलाष पांडे व प्रभात साहू में से एक नाम हो सकता है। जबलपुर उत्तर में पूर्व मंत्री शरद जैन ने बेटे रोहित का टिकट मांगा है। यहां धीरज पटेरिया का नाम प्रमुख रूप से सामने आया है। बैतूल जिले की घोड़ाडोंगरी सीट पर मंगल सिंह और गंगाबाई उइके (पूर्व विधायक स्व. सज्जन सिंह उइके की पत्नी ) का नाम है। छिंदवाड़ा सीट पर जिलाध्यक्ष बंटी साहू का नाम है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *