ग्वालियर में 40 लाख का चूना लगाकर गायब डॉक्टर पुलिस के हाथ लगा
ग्वालियर. क्राइम ब्रांच ने थाटीपुर इलाके से एक डॉक्टर को गिरफ्तार किया है। वह धोखाधड़ी के मामले में कई महीनों से पुलिस को चकमा दे रहा था। मंगलवार को उसके रक्षाबंधन के लिए घर आने की खबर मिली तो क्राइम ब्रांच ने उसकी घेराबंदी कर दी और डॉक्टर को उठा लिया।डॉक्टर के लगातार फरार होने पर उसके नाम से आठ वारंट जारी हो चुके थे, जिनमें से तीन गिरफ्तारी थे। पर वह हर बार पुलिस को चकमा दे जाता था। पुलिस उससे पूछताछ कर रही है कि उसने ऐसा क्यों किया। डॉक्टर ने अभी तक हॉस्पिटल में घाटा होने पर ठगी करना बताया है।
40 लाख की धोखाधड़ी
डीएसपी क्राइम शियाज केएम ने बताया कि क्राइम ब्रांच को सूचना मिली थी कि चालीस लाख की धोखाधड़ी में फरार चल रहा डॉक्टर दशरथ सिंह पुत्र रामदीन निवासी थाटीपुर, अभी अनूपपुर जिले में छिपा हुआ है और वहीं पर अपना क्लीनिक चला रहा है। सूचना की तस्दीक व कार्रवाई के लिए टीआई क्राइम ब्रांच अमर सिंह सिकरवार को निर्देशित किया। क्राइम ब्रांच की टीम अनपूपुर पहुंची तो पता चला कि जिसे वह तलाश रही है, वह कुछ ही समय पहले ग्वालियर के लिए निकला है। इसका पता चलते ही क्राइम ब्रांच की टीम वापस लौटी। डॉक्टर जब तक घर पहुंचता उसके घर पर क्राइम ब्रांच की टीम उसका इंतजार करती मिली। जैसे ही वह घर पर पहुंचा, क्राइम ब्रांच ने उसे हिरासत में ले लिया। क्राइम ब्रांच उसे लेकर रवाना हो गई और हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।
हॉस्पिटल में घाटा होने पर बढ़ गया था कर्ज
पूछताछ में पकड़े गए आरोपी ने बताया कि उसने मुस्कान नाम से हॉस्पिटल बनाया था, जिसमें परिचितों से कर्जा लेकर पैसा लगाया था, लेकिन अस्पताल चल नहीं पाया। जिस कारण वह कर्ज के बोझ तले दब गया था। चेक बाउंस हुए तो लोगों ने मामले दर्ज करा दिए और उसके खिलाफ तीन गिरफ्तारी और पांच स्थायी वारंट हैं। यही कारण था कि वह छुपकर रह रहा था।
