आईटीएम यूनिवर्स ग्वालियर में हुआ ‘मेघ मल्हार-2023‘ का आगाज
– देश की ख्यातिनाम शास्त्रीय संगीत गायिकाने की राग मेघ, विरह और भक्ति प्रेम के रस में घुले मल्हार के सुरों की बारिश
– जिया मोरा डर पावे, अति ही सुहाबे…
– सैयां बुलावे आदि रात, बैरी नदिया भई…
– शास्त्रीय संगीत उत्साहित रहकर जीने की एक कला हैः सुश्री पिऊ
– हमारी परंपरा के रोचक पहलुओं से नई पीढ़ी को अवगत कराने की जरूरतः सुश्री पिऊ
– आज प्रसिद्ध राहुल-रोहित मिश्रा की जोड़ी करेगी शास्त्रीय संगीत के रसों की बारिश
ग्वालियर आईटीएम यूनिवर्स ग्वालियर में आईटीएम ‘मेघ-मल्हार-2023‘ का आगाज ख्यातिनाम शास्त्रीय संगीत गायिका सुश्री पिऊ मुखर्जी, कोलकाता ने तन्मयता और सादगीपूर्ण अंदाज में राग मेघ की विलंबित ख्याल और मध्यम लय की बंदिशों में घुले मल्हार के साथ किया। इस अवसर पर आईटीएम यूनिवर्सिटी ग्वालियर के फाउंडर चांसलर रमाशंकर सिंह, चांसलर श्रीमती रुचि सिंह चौहान, प्रो. चांसलर डॉ. दौलत सिंह चौहान, वाइस चांसलर प्रोफेसर एसएन. खेड़कर सहित बड़ी संख्या में युवा और ग्वालियर शहर से आए शास्त्रीय संगीत रसिकों ने विरह और भक्ति प्रेम के रस में घुले मल्हार के सुरों के साथ आनंद उठाया।
जिया मोरा डर पावे, अति ही सुहाबे…ः पिऊ मुखर्जी
आईटीएम यूनिवर्स ग्वालियर के सिथौली कैंपस में विक्रम साराभाई ब्लॉक स्थित डॉ. राममनोहर लोहिया सभागार में शनिवार शाम ठीक 7.15 बजे से देश की ख्यातिनाम शास्त्रीय संगीत गायिका सुश्री पिऊ मुखर्जी, कोलकाता ने आईटीएम ‘मेघ मल्हार-2023‘ की 29वीं कड़ी का शुभारंभ करते हुये श्रोताओं के मन को झंकृत कर देने वाली राग मेघ की मनोहारी प्रस्तुति दी। उन्होंने विलंबित ख्याल और मध्यम लय में बंदिश ‘जिया मोरा डर पावे अति ही सुहाबे…‘ की प्रस्तुति दी। फिर उन्होंने एक के बाद एक विरह और भक्ति प्रेम के रस में घुलीं ठुमरियां, कजरी और झूला की सुमधुर मल्हार की पेशकश की।
आईटीएम की तरफ से निःशुल्क वाहन व्यवस्था
आईटीएम मेघ मल्हार-2023 (29वां) का शास्त्रीय संगीतमयी आनंद लेने के लिए शहर से आने वाले संगीत रसिकों के लिए आईटीएम यूनिवर्स ग्वालियर की ओर से बसों की निःशुल्क व्यवस्था की गई है। निश्चित स्थान चेतकपुरी पेट्रोल पंप पर आईटीएम की बसें शाम ठीक 6 बजे से उपस्थित रहेंगी, जो आयोजन स्थल की ओर 6.30 बजे प्रस्थान करेंगी। ये बसें कार्यक्रम समाप्ति के बाद सिथौली से चलकर उसी स्थान पर श्रोताओं को वापस छोड़ेंगी।
