ग्वालियर में ट्रेनों पर पत्थर मारने वाले 2 नाबालिग पकड़े, निशाना लगाने का करते थे कॉम्पिटिशन

ग्वालियर. आए दिन हो रही ट्रेनों पर पत्थरबाजी की घटना में पुलिस ने दो नाबालिग आरोपियों को पकड़ा है। यह रेल की पटरियों पर पत्थर रखते थे। ट्रैक पर दौड़ती ट्रेनों पर शर्त लगाकर पत्थर फेंकते थे कि किसका निशाना सटीक लगेगा। इनको ट्रेनों पर पथराव कर कॉम्पिटिशन जीतने में मजा आता था। शनिवार को RPF (रेलवे पुलिस फोर्स) ने रंगे हाथ इन दोनों नाबालिग आरोपियों को पकड़ा है। यह मल्लगढ़ा हाईवे पर बने रेलवे ब्रिज के ऊपर से पकड़े गए हैं। फिलहाल जरूरी पूछताछ व कार्रवाई के बाद इनको परिजन के सुपुर्द कर दिया गया है।

ट्रेन की पटरी पर पत्थर रखते रंगे हाथ पकड़ा
शनिवार को रेलवे पुलिस फोर्स के एक सब इंस्पेक्टर की सतर्कता से रेलवे ट्रैक पर पत्थर रखते व गाड़ियों पर पत्थर मारते दो नाबालिगों को रंगे हाथ पकड़ा गया है। दोनों की उम्र 13 से 15 साल है। यह दोनों मल्लगढ़ा इलाके के रहने वाले हैं। रेलवे पुलिस फोर्स के हाथ लगे दोनों नाबालिग से पूछताछ की गई तो ट्रेनों पर पत्थर फेंकने वाले लड़कों ने बताया कि वह रोमांच के लिए ऐसा करते थे। ट्रेन के कांच पर किसका निशाना सटीक लगेगा, इसकी शर्त भी लगाते थे। पकड़े गए आरोपियों ने बताया कि उनका मकसद किसी को घायल करना नहीं होता था लेकिन खेल के दौरान उनके बीच रेल लाइन और ट्रेनों में पत्थर फेंकने का कॉम्पिटिशन हुआ करता था।

पुलिस ने समझाया तो सिर झुकाकर खड़े रहे
RPF के उप निरीक्षक रविंद्र सिंह राजावत ने नाबालिग आरोपियों को समझाया कि ट्रेनों में पत्थरबाजी करने से यात्रियों को चोट पहुंच सकती है। इस वजह से जान माल और रेल संपत्ति को नुकसान पहुंचता है। रेल राष्ट्रीय सम्पति है ट्रेनों पर पत्थरबाजी करने वाले असामाजिक तत्वों के खिलाफ रेलवे एक्ट के तहत सख्त कार्रवाई की जा रही है। पत्थरबाजी से होने वाले नुकसान और सजा के प्रावधान सहित जुर्माने की भी जानकारी लोगों को दी जा रही है।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *