MP में भाजपा विधायक के बेटे ने आदिवासी को गोली मारी
सिंगरौली. भाजपा विधायक रामलल्लू वैश्य के बेटे विवेकानंद वैश्य ने एक आदिवासी युवक को गोली मार दी। युवक गंभीर रूप से घायल हो गया है। उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पीड़ित की शिकायत पर मोरवा थाने की पुलिस ने एफआईआर दर्ज की है। पुलिस आरोपी की तलाश कर रही है। जिले के मोरवा इलाके में गुरुवार की शाम करीब 6 बजे विधायक के बेटे ने फायरिंग कर दी। गोली सूर्य प्रकाश खैरवार (34) के हाथ में लगी है। विधायक के बेटे का उसके भाई से विवाद हुआ था। सूर्य प्रकाश बीचबचाव करने गया था।
विधायक के बेटे की कार का कांच फोड़ा
गोली चलने की आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे गए। उन्होंने विधायक के बेटे की कार का कांच फोड़ दिया। आरोपी विवेकानंद मौके से कार लेकर भाग गया। सिंगरौली एसडीओपी राजीव पाठक का कहना है कि देर रात हत्या के प्रयास का मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।
किराना लेने जा रहा था बाजार
सूर्य प्रकाश ने बताया कि वह किराने का सामान लेने अपने रिश्तेदार के साथ बाइक से बाजार जा रहा था। उसके साथ लालचंद खैरवार और कैरू खैरवार भी थे। रास्ते में बूढ़ी माई मंदिर के पास मेरे भाई आदित्य खैरवार और राहुल से दीपक पनिका विवाद कर रहा था। यह देखकर मैंने बाइक रुकवाई। मैं बीचबचाव करने लगा। यहां खड़ी कार में बैठे विवेकानंद वैश्य ने मुझ पर गोली चला दी।
