MP में भाजपा के 60 बड़े नेता पार्टी से नाराज, कैलाश विजयवर्गीय असंतुष्टों से बात करेंगे
भोपाल. मध्यप्रदेश में विधानसभा चुनाव को अब करीब 4 महीने का वक्त बचा है। ऐसे में नेताओं के रूठने और उन्हें मनाने का सिलसिला भी तेज हो चला है। सत्ताधारी बीजेपी की बात करें तो नाराज नेताओं से मिले कड़वे अनुभवों का स्वाद चखने के बाद पार्टी सतर्क हो गई है। वह चुनाव से पहले सुनिश्चित कर लेना चाहती है कि उसका काेई पुराना या वरिष्ठ नेता नाराज तो नहीं है। भाजपा ने नाराज नेताओं को अलग-अलग समितियों में स्थान देकर खुश करने की कोशिश की गई है। कुछ तो मान गए हैं, लेकिन नाराज नेताओं की लिस्ट इतनी लंबी है कि उन्हें मनाने के लिए भाजपा को बकायदा रणनीति बनानी पड़ी है। उसी के मुताबिक रूठों को मनाने की तैयारी की जा रही है। हाल ही में बीजेपी ने चुनाव के लिए प्रबंधन और घोषणा पत्र समिति के साथ-साथ जिला संयोजकों की नियुक्ति की है। इससे बीजेपी ने रूठे नेताओं को मनाने की कोशिश की है। पार्टी ने इन समितियों में कई सीनियर नेताओं को शामिल किया है, जो लंबे समय से नाराज चल रहे थे। भाजपा ने बकायदा नाराज नेताओं की लिस्ट बनाई है, जिसे पिछले दिनों केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह को सौंपा गया है।
नाराज नेताओं की लिस्ट में बड़े नाम
भंवर सिंह शेखावत – 2018 में बदनावर सीट से कांग्रेस उम्मीदवार राजवर्धन सिंह दत्तीगांव से हारे। दत्तीगांव अब बीजेपी में शामिल हो गए हैं। शेखावत समय-समय पर सिंधिया समर्थकों की आलोचना करते हैं।
जयभान सिंह पवैया – 2018 में ग्वालियर सीट से कांग्रेस उम्मीदवार प्रद्म्मन सिंह तोमर से हारे। तोमर बीजेपी में शामिल हो गए। अब इस सीट से उन्हें टिकिट मिलेगा या नहीं, इस पर असमंजस बरकरार है।
सत्यनारायण सत्तन – इंदौर विधानसभा क्षेत्र क्रमांक 1 से विधायक रहे सत्तन ने कर्नाटक चुनाव में मिली हार के बाद पार्टी नेताओं पर जमकर जुबानी हमला बोला था। बाद में शिवराज ने भोपाल बुलाकर सत्तन से बात की थी।
माया सिंह – 2013 में शिवराज सरकार में मंत्री रहीं, लेकिन 2018 में उनका टिकट काटकर सतीश सिकरवार को टिकट दिया गया था। इसके बाद से संगठन में उनकी सक्रिय भूमिका दिखाई नहीं दी।
शंकरलाल तिवारी – सतना से चार बार विधायक रहे। 2018 में कांग्रेस के सिद्धार्थ कुशवाह से चुनाव हार गए। इसके बाद वे राजनीति में सक्रिय नहीं दिखाई दिए, लेकिन ब्राह्मणों के बीच उनकी पकड़ मजबूत है।
राधेश्याम पाटीदार – 2018 में सुवासरा सीट से कांग्रेस के हरदीप सिंह डंग से महज 350 वोट से चुनाव हार गए थे। डंग बीजेपी में शामिल हो गए। अब डंग का दावा मजबूत है। पाटीदार की बहू मंदसौर जिला पंचायत की निर्विरोध अध्यक्ष चुनी गई हैं।
सुर्कीति जैन – कटनी जिले से बीजेपी से 1993 में विधायक रहे। वर्तमान में पार्टी में कोई महत्वपूर्ण पद पर नहीं हैं। स्थानीय राजनीति में पिछले कई सालों से सक्रिय नहीं हैं। वे अपने बगावती तेवर पार्टी को दिखा चुके हैं। माना जा रहा है कि जैन अब कांग्रेस में जा सकते हैं।
गिरिराज किशोर पोद्दार – कटनी मुड़वारा सीट से 2008 में विधायक बने। 2019 में खजुराहो लोकसभा सीट से वीडी शर्मा के खिलाफ निर्दलीय चुनाव लड़ने के कारण से पार्टी से निष्कासित कर दिए गए थे, लेकिन फिर पार्टी में वापस आए।
नारायण सिंह कुशवाहा – तीन बार के विधायक हैं। पिछला चुनाव 121 वोट से चुनाव हार गए थे। इसकी वजह बागी होकर चुनाव लड़ी समीक्षा गुप्ता को बताया गया। पार्टी ने समीक्षा को वापस ले लिया था। कुशवाहा ने बयान दिया था कि समीक्षा को चुनाव मैदान में उतारते हैं तो मैं प्रचार नहीं करुंगा।
हर्ष चौहान – बीजेपी के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष और दिवंगत नेता नंद कुमार सिंह चौहान के बेटे। नंद कुमार सिंह के निधन के बाद खंडवा लोकसभा सीट पर उपचुनाव हुआ था। पार्टी ने हर्ष चौहान को टिकिट नहीं दिया। ज्ञानेंद्र पाटिल को उम्मीदवार बनाया गया। इसके बाद से हर्ष को कोई पद नहीं दिया गया है।
ललिता यादव – बड़ा मलहरा सीट से 2018 का चुनाव कांग्रेस के प्रद्युम्न सिंह लोधी से हार गई थी। लेकिन लोधी बीजेपी में आ गए। तब ललिता ने तीखे तेवर दिखाए थे। उन्होंने कहा था- कांग्रेस विधायक ने रेत का अवैध कारोबार किया था। अब उन्हें ह्रदय परिवर्तन करना ही होगा, नही तो विरोध करुंगी। महेन्द्र भैरु सिंह बापू , बृजमोहन सिंह, लड्डूराम कोरी,आरडी प्रजापति, डॉ. योगेन्द्र निर्मल का नाम भी नाराज नेताओं की लिस्ट में है।
इनमें कई नेता ऐसे हैं जो स्थानीय स्तर पर मंत्रियों, विधायकों व संगठन के पदाधिकारियों से तवज्जो नहीं मिलने पर असंतुष्ट हैं।
