CM ऑफिस पर भीड़ का हमला, नाइट कर्फ्यू लगाया गया
मेघालय. मुख्यमंत्री कॉनराड संगमा के तुरा में बने CM ऑफिस पर भीड़ ने सोमवार शाम को हमला कर दिया। CM संगमा सुरक्षित हैं, लेकिन उनके पांच सुरक्षाकर्मी घायल हो गए हैं। तुरा शहर में नाइट कर्फ्यू लगा दिया गया। जिस समय हमला हुआ उस समय संगमा अचिक कॉन्शियस होलिस्टिकली इंटीग्रेटेड क्रिमा और गारो हिल्स स्टेट मूवमेंट कमेटी के प्रतिनिधियों के साथ बात कर थे। ये संगठन पिछले 14 दिनों से तुरा को विंटर कैपिटल बनाने की मांग करने के लिए भूख हड़ताल कर रहे हैं। CM ने इनके प्रतिनिधियों को सोमवार को बातचीत के लिए बुलाया था। बातचीत करीब पूरी हो गई थी तभी अचानक भीड़ आई और पथराव करने लगी। पुलिस ने भीड़ को हटाने के लिए आंसू गैस के गोले दागे। भीड़ ने सीएम ऑफिस का गेट तोड़ने की भी कोशिश की।

घायल सुरक्षा कर्मियों से मिले मुख्यमंत्री
सीएम संगमा ने हिंसा में घायल सुरक्षाकर्मियों का हालचाल लिया है। संगमा के घायल सुरक्षाकर्मियों से बातचीत के वक्त की तस्वीर मीडिया में सामने आई है। फोटो में घायल सुरक्षाकर्मी फर्श पर पड़े दिख रहे हैं। मुख्यमंत्री ने घायल कर्मियों के लिए 50 हजार रुपए की मदद और इलाज का खर्च देने की घोषणा की है।
हंगामा कर रहे लोगों ने तुरा में एक गाड़ी में भी आग लगा दी।
बेकाबू भीड़ मुख्यमंत्री कार्यालय पर पत्थर फेंकती रही। इसे काबू करने के लिए पुलिस को आंसू गैस के गोले दागने पड़े।

