आज संसद में हंगामे के आसार, मणिपुर के मुद्दे पर सरकार को घेरेगा विपक्ष
नई दिल्ली. संसद से मानसूत्र सत्र के दौरान सोमवार को भारी हंगामा होने के आसार हैं। मणिपुर के मामले पर पक्ष और विपक्ष दोनों ने तैयारी कर रखी है। विपक्षी दलों की मांग है कि मणिपुर घटना पर संसद में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को बयान देना चाहिए। इसके अलावा विपक्षी दलों ने मणिपुर में जारी हिंसा पर चर्चा के लिए नोटिस दिया है। लोकसभा में जहां विपक्षी दलों ने नियम 193 के तहत नोटिस दिया है, वहीं राज्यसभा में विपक्ष ने नियम 176 और नियम 267 के तहत नोटिस दिया है। सरकार, सैद्धांतिक रूप से, इस मामले पर नियम 193 के तहत लोकसभा में और नियम 176 के तहत राज्यसभा में चर्चा करने के लिए सहमत हो गई है।
विपक्ष की रणनीति
नवगठित विपक्षी गठबंधन (इंडिया) के नेता, 24 जुलाई को संसद में राज्यसभा में विपक्ष के नेता मल्लिकार्जुन खड़गे के कार्यालय में बैठक करेंगे और सदन में अपनी रणनीति पर चर्चा करेंगे। बता दें कि मणिपुर के मुद्दे पर लोकसभा और राज्यसभा को शुक्रवार को पूरे दिन के लिए स्थगन का सामना करना पड़ा। दोनों ही सदनों में गुरुवार और शुक्रवार को कोई महत्वपूर्ण कामकाज नहीं हो सका, क्योंकि विपक्षी सांसदों ने अल्पकालिक चर्चा के सरकार के प्रस्ताव को खारिज कर दिया।
बीजेपी की तैयारी
विपक्ष का जवाब देने के लिए बीजेपी ने भी योजना बनाई है। बीजेपी, राजस्थान और पश्चिम बंगाल के साथ-साथ अन्य राज्यों में महिलाओं के खिलाफ अत्याचार को लेकर संसद परिसर में गांधी प्रतिमा के सामने विरोध प्रदर्शन करेगी। बीजेपी सूत्रों ने बताया कि सभी बीजेपी सांसद संसद भवन में गांधी प्रतिमा के सामने विरोध प्रदर्शन करेंगे और इसमें सभी केंद्रीय मंत्री भी मौजूद रहेंगे। इस दौरान बीजेपी पश्चिम बंगाल, बिहार, छत्तीसगढ़, तेलंगाना और राजस्थान में महिलाओं और दलितों पर अत्याचार का मुद्दा उठाएगी।
