कूनो में पर्यटक नहीं देख पायेंगे चीते, बाड़े में हो रहे शिफ्ट, चीतों की मौतों के बाद उठाया कदम
श्योपुर. मध्यप्रदेश के श्योपुर स्थित कूनो नेशनल पार्क में चीता प्रोजेक्ट से जुड़ी बड़ी खबर आ रही है। अब फिलहाल पर्यटक चीतों को नहीं देख पायेंगे। क्योंकि लगातार हो रही मौत के बाद चीतों को स्वास्थ्य परीक्षण के लिये खुले जंगल से पकड़ कर बाड़े में शिफ्ट किया जा रहा है। पिछले 4 माह से 8 चीतों की मौत के बाद सभी चीतों का स्वास्थ्य परीक्षण शुरू हो गया है। हेल्थ चैकअप के लिये खुले जंगल में आजाद किये गये चीतों को जंगल से पकड़ने की कवायद शुरू हो गयी है।
श्योपुर चीता विशेषज्ञ टीम की देखरेख में नामीबिया और साउथ अफ्रीका से लाये गये चीतों का हेल्थ चैकअप शुरू हो गया है। कूनो नेशनल पार्क प्रबंधंन ने शनिवार की देर शाम खुले जंगल में आजाद घूम रहे 2 चीते पवक और गामिनी को स्वास्थ्य परीक्षण के लिये पकड़ कर बाड़े में बन्द किया है। नर चीते पवक सहित मादा चीता गामिनी का विशेशज्ञों ने हेल्थ चेक अप किया। जिसमें दोनों के स्वास्थ्य होने की जानकारी मिली है।
बाड़े में बंद रहेंगे
कूनों नेशनल पार्क के खुले जंगल में आजाद घूमने वाले 11 चीतों में से अभी तक 7 चीतों को बड़े शिफ्ट किया गया है। वहीं पहले से ही 4 चीते बाड़े में बन्द है। जो कि स्वास्थ्य है। खुले जं्रगल से अभी तक नामीबिया और साउथ अफ्रीका के गौर, शौर्य, पवन, आशा, धीरा, गामिनी और पवक नाम के चीतों को बाड़े में शिफ्ट करते हुए उनके गले से कॉलर आईडी हटाई गयी है। जल्द ही खुले जंगल से 4 और चीतों को स्वास्थ्य परीक्षण के लिये बाड़े में कैद किया जायेगा और उनकी भी कॉलर आईडी हटाई जायेगी। अगले हेल्थ चेकअप तक सभी चीतों को बिना कॉलर आईडी के ही बाड़े में रखा जायेगा।
कॉलर ईडी बने मौत की वजह!
नर चीते तेजस और सूरज की गर्दन पर मिले घाव के बाद सभी चीतों के गले से कॉलर आई डी हटाई जा रही है. सभी को मानसून के सीजन तक बाड़े में ही कड़ी सुरक्षा के बीच रखा जाएगा. बता दें कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ड्रीम चीता प्रोजेक्ट में लगातार चीतों की मौत हो रही है.चीतों की मौत के बाद जांच कमेटी का गठन किया गया था. विशेषज्ञों की जांच से पता चला है कि कॉलर आईडी के इंफेक्शन की वजह से चीते बीमार हो रहे हैं. मुख्य वन संरक्षक ने बताया कि टाइगर वाली कॉलर ईडी लगाना बड़ी लापरवाही है.
