महाराज बाड़ा के टाउन हॉल को 7 साल के लिए निजी कंपनी को सौंपा
ग्वालियर. अब वीर सावरकर मार्ग पर हैरिटेज स्टाइल के पोल लगेंगें। ग्वालियर स्मार्ट सिटी डेवलपमेंट कॉर्पोरेशन ने बिजली के पोल लगाने का काम फुटपाथ के दोनों तरफ शुरू कर दिया है। इधर, महाराज बाड़ा के टाउन हॉल का ठेका सात साल के लिए एक निजी फर्म को दे दिया है। वह इसका संचालन, देखरेख और बिजली के बिल का भी भुगतान करेगी। इसके लिए स्मार्ट सिटी को साल में 3.14 लाख रुपए की राशि मिलेगी। पिछले दिनों केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने वीर सावरकर मार्ग का निरीक्षण किया था। उन्होंने उस वक्त महल गेट से मांढरे की माता रोड तक लगे बिजली के पोल को हटाकर हैरिटेज स्टाइल के पोल लगाने के निर्देश दिए थे। उस पर स्मार्ट सिटी ने काम की शुरू कर दी है।
गुरुग्राम से आएंगे पोल
वीर सावरकर मार्ग के दोनों तरफ के फुटपाथ पर लगने वाले बिजली के पोल को गुरुग्राम में तैयार कराया जा रहा है। वहीं के पोल का डिजाइन पंसद आने के बाद गड्ढे खुदाई का काम शुरू हुआ है।
हर महीने 26 हजार से ज्यादा देना होंगे
स्मार्ट सिटी ने जिस निजी कंपनी को जिम्मेदारी दी है। उसे हर महीने 26 हजार रुपए से ज्यादा पेशा स्मार्ट सिटी को हर महीने देना होगा। कंपनी के ऊपर कामों की मॉनीटरिंग स्मार्ट सिटी और उसके बाद नगर निगम करेगा। यहां पर सांस्कृतिक कार्यक्रम ही होंगे। कंपनी ऊपर एक कैफेटेरिया भी खोल सकती है।
