दक्षिण एक्सप्रेस में बम, मचा हड़कंप, आगरा-ग्वालियर स्टेशन पर ट्रेन में ली तलाशी
ग्वालियर. रेलवे स्टेशन पर रात 1 बजे महिला के द्वारा किए गए कॉल से उस वक्त हड़कंप मच गया, जब जिला पुलिस, आरपीएफ और जीआरपी पुलिस ने स्टेशन को चारों तरफ से घेर लिया। कारण था कंट्रोल रूम को एक कॉल आया था। जिसमें एक महिला ने दक्षिण एक्सप्रेस में बम होने की सूचना दी थी। बम का पता चलते ही स्टेशन पर दहशत का माहौल बन गया। सबसे ज्यादा डर उन यात्रियों को था जो दक्षिण एक्सप्रेस से जाने वाले थे। राहत की बात यह थी कि ग्वालियर आने से पहले ट्रेन की आगरा स्टेशन पर दो घंटे तलाशी ली गई। इसके बाद जैसे ही ट्रेन ग्वालियर स्टेशन पर आई यहां उतरने वाले यात्रियों के नीचे आते ही पुलिस और बीडीएस की टीम कोचों में पहुंची और बारीकी से तलाशी ली।
स्टेशन पर रात 1 बजे से हुई कड़ी चेकिंग
रात एक बजे से सुबह के पांच बजे तक स्टेशन पर पुलिस ही पुलिस नजर आ रही थी। कारण था कि आरपीएफ, जीआरपी के साथ ही जिला पुलिस और बीडीएस के जवान ट्रेन के आने से कई घंटे पहले स्टेशन पर जा पहुंचे और एहतियात के चलते ट्रेन के आने से पहले स्टेशन की तलाशी शुरू कर दी। करीब दो घंटे की तलाशी में पुलिस और बीडीएस की टीमों ने पूरा स्टेशन अच्छी तरह से सर्च कर लिया, लेकिन कहीं पर भी संदिग्ध बस्तू या डिवाइस नहीं मिली।
पुलिस का कहना
इस मामले में पड़ाव थाना प्रभारी पीएस यादव ने बताया बम की सूचना कॉल से मिली थी। जिसके बाद जिला पुलिस, आरपीएफ, जीआरपी व बीडीएस की टीमों ने रेलवे स्टेशन व दक्षिण एक्सप्रेस में तलाशी अभियान चलाया था। कोई भी संदिग्ध सामान नहीं मिला है। जिसके बाद ट्रेन को आगे के लिए रवाना किया गया।
