इस माह ग्वालियर-चंबल में सभा करेंगी प्रियंका गांधी

ग्वालियर. विधानसभा चुनाव के साढ़े चार महीने पहले कांग्रेस ताबड़तोड़ तरीके से मैदान में उतर रही है। प्रदेश कांग्रेस की ओर से केंद्रीय नेताओं के प्रदेश में दौरे और सभाओं की कार्ययोजना तैयार की जा रही है। इसी के चलते प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कमलनाथ ने महत्वपूर्ण बैठक ली। मप्र में जबलपुर में 12 जून को कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी चुनावी आगाज कर चुकी हैं।

अब इस महीने के अंत और अगस्त की शुरुआत में प्रियंका गांधी की ग्वालियर-चंबल और विंध्य में सभाएं करवाए जाने की रूपरेखा तैयार की जा रही है। प्रियंका गांधी की दोनों अंचलों में प्रस्तावित सभाओं की तैयारियां भी शुरू कर दी गई है। सभाओं के आयोजन स्थल इस हिसाब से तैयार किए जा रहे हैं कि ग्वालियर-चंबल अंचल की 34 विधानसभा सीटों के सभी जिले कवर हो सकें।

इसी तरह विंध्य की 30 सीटों को कवर किए जाने के लिए सभाओं की तैयारी की जा रही है। कमलनाथ जल्द ही इस संबंध में दौरे करेंगे और जिलाध्यक्षों को भोपाल बुलाकर सभाओं में ज्यादा से ज्यादा लोगों की उपस्थिति सुनिश्चित करने को कहेंगे। इधर, कांग्रेस की चुनावी तैयारियों को लेकर पॉलिटिकल अफेयर्स कमेटी की मीटिंग मंगलवार को होने जा रही है। इस कमेटी में कमलनाथ, दिग्विजय सिंह, सुरेश पचौरी समेत दिग्गज नेता शामिल हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *