EVM की प्रथम स्तरीय जाँच का काम संपन्न, मॉकपोल शुरू 

कलेक्टर, एसएसपी एवं राजनैतिक दलों के प्रतिनिधियों की मौजूदगी में कराया मॉकपोल
ग्वालियर प्रस्तावित विधानसभा आम निर्वाचन के लिये भारत निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के तहत ग्वालियर जिले में ईवीएम (बीयू, सीयू एवं वीवीपीएटी) की एफएलसी (प्रथम स्तरीय जाँच) का काम पूरा हो चुका है। कलेक्टर अक्षय कुमार सिंह एवं पुलिस अधीक्षक राजेश चंदेल ने शनिवार को जिला निर्वाचन कार्यालय पहुँचकर मान्यता प्राप्त राजनैतिक दलों के प्रतिनिधियों की मौजूदगी में मॉकपोल कराया।
एफएलसी का काम पूरी पारदर्शिता के साथ राजनैतिक दलों के प्रतिनिधियों की मौजूदगी में किया गया है। जिला निर्वाचन कार्यालय से प्राप्त जानकारी के अनुसार कुल 2170 ईवीएम की एफएलसी की गई है। भारत निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के तहत इनमें से रेण्डम रूप से 5 प्रतिशत ईवीएम से मॉकपोल कराया जा रहा है। जिन 5 प्रतिशत ईवीएम से मॉकपोल हो रहा है, उनमें से एक प्रतिशत ईवीएम में 1200 वोट, 2 प्रतिशत ईवीएम में 1000 वोट और 2 प्रतिशत ईवीएम में 500 वोट डालकर देखे जायेंगे। मॉकपोल के दौरान मान्यता प्राप्त राजनैतिक दलों के प्रतिनिधिगण मौजूद रह सकेंगे। ज्ञात हो जिले के सभी 6 विधानसभा क्षेत्रों में कुल 1729 मतदान केन्द्र हैं।
शनिवार को हुए मॉकपोल के दौरान अपर कलेक्टर एचबी शर्मा, उप जिला निर्वाचन अधिकारी जेपी गुप्ता, जिले के एसडीएम एवं विभिन्न राजनैतिक दलों के प्रतिनिधिगण, बीईएल बैंगलुरू के इंजीनियर एवं एफएलसी व मॉकपोल कार्य से जुड़े अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *