ग्वालियर में पत्रकार को किडनैप कर गोली मारी
ग्वालियर. एक इलेक्ट्रोनिक मीडिया के पत्रकार 29 वर्षीय शिवम आर्य को बाइक सवार तीन बदमाशों ने कट्टा अड़ाकर अपहरण किया। इसके बाद उसे डबरा ले गए और वहां एक कमरे में बंद कर शुक्रवार रात भर लात घूसों से पीटा। इससे भी मन नहीं भरा तो शनिवार सुबह उसे ग्वालियर बायपास से लेकर बिजौली के सिंगारपुरा गांव पहुंचे। यहां पहाड़ी पर बने एक कमरे में जश्न शुरू किया। यहां शराब पार्टी की। दोपहर करीब 12 बजे एक बदमाश ने किसी को VIDEO कॉल किया और उसके बाद पत्रकार की कनपटी पर कट्टा लगाकार गोली चला दी। गोली कनपटी को रगड़ती हुई सिर में जा धंसी। इसके बाद अन्य बदमाश ने कट्टे से दूसरी गोली चलाई जिस पर पत्रकार हटा तो गोली उसकी जांघ पर लगी। किसी तरह पत्रकार वहां से भागा और करीब एक किलोमीटर घिसटते हुए एक राहगीर से मदद मांगी। इसके बाद पुलिस ने उसे हॉस्पिटल पहुंचाया।
विवेक जाट कट्टा अड़ाकर अपने साथ बाइक पर बैठाकर डबरा लेकर पहुंचे
शहर के हजीरा इलाके में रहने वाले 29 वर्षीय शिवम आर्य एक न्यूज चैनल में पत्रकार हैं। कुछ समय से उनका कुछ लोगों से विवाद चल रहा है। शुक्रवार रात को शिवम को विवेक जाट का कॉल आया था। विवेक कभी शिवम का अच्छा दोस्त हुआ करता था। विवेक ने शिवम को मुरार इलाके में मिलने के लिए बुलाया। पर शिवम ने खतरा समझकर मना कर दिया। इस पर वह उससे मिलने उसके घर पहुंच गए। यहां से यादव धर्मकांटा इलाके में आ गए। यहां एक होटल में खाना भी खाया। विवेक जाट ने उस पर कट्टा अड़ा दिया और अपने साथ बाइक पर बैठा लिया। विवेक के साथ बाइक पर नीरज जाट, अमन जाट भी थे। यह तीनों अपराधिक छवि के हैं। इसके बाद यह उसे डबरा लेकर पहुंचे। यहां डबरा में एक रूम में बंद कर तीनों ने लात घूसों से उसे पीटा। पूरी रात रुक-रुककर पीटते रहे।
गोली कनपटी को रगड़ती हुई सिर में जा धंसी
तीनों बदमाश पत्रकार को लेकर शनिवार सुबह मुरार के पास सिंगारपुरा गांव पहुंचे। यहां एक पहाड़ी पर बने कमरे में लेकर पहुंचे और यहां जश्न शुरू किया। पत्रकार को कमरे में एक कोने में बैठा दिया। पहले खुद ने शराब पी फिर पत्रकार को शराब पिलाने का प्रयास किया, लेकिन उसने मना किया तो फिर उसे पीटा। दोपहर 12 बजे के लगभग विवेक जाट ने किसी को VIDEO कॉल किया और बात करते-करते शिवम के कनपटी पर कट्टा रखकर ट्रिगर दबा दिया। शिवम ने सिर हटाया तो गोली कनपटी को रगड़ती हुई सिर में जा धंसी। इसके बाद नीरज जाट ने कट्टा निकालकर दूसरा फायर किया जो गोली शिवम के जांघ में आकर लगी। इसके बाद बदमाशों को धक्का देकर शिवम भागा। शिवम ने वहां से दौड़ लगा दी। खून से सना पत्रकार करीब एक किलोमीटर तक भागा होगा। उसके बाद किसी युवक से वह मिला और उससे मदद मांगी। उसने पुलिस को सूचना दी और पुलिस मौके पर पहुंची और घायल शिवम को जेएएच के ट्रॉमा सेंटर मंे भर्ती कराया। पुलिस ने जहां सिर में धंसी गोली निकालने के लिए उसका ऑपरेशन चल रहा है।
5 लाख रुपए में सुपारी दी
जब बदमाश उसे अपहरण कर ले जा रहे थे तो उनका कहना था कि किसी ने 5 लाख रुपए में उसकी सुपारी दी है। बदमाशों ने उससे पूछा कि बता क्या करें तुझे मार दें। पत्रकार मजाक समझ रहा था उसने कह दिया मार दो इसके बाद बदमाशों ने उसके साथ यह हरकत की।
एसएसपी ने तत्काल आरोपियों की गिरफ्तारी के निर्देश दिए
घायल पत्रकार पर हमले का पता चलते ही कलेक्टर अक्षय कुमार सिंह, एसएसपी राजेश सिंह चंदेल भी अस्पताल उसे देखने पहुंचे हैं। यहां उसके बेहत्तर इलाज के लिए निर्देशित किया है। एसएसपी सिंह ने तत्काल आरोपियों की गिरफ्तारी के निर्देश दिए हैं।
