गोवंश से कुकर्म की घटना पर भड़के गृहमंत्री नरोत्तम, आरोपित को ऐसी सजा देंगे जो नजीर बनेगी
भोपाल. मंगलवारा थाना इलाके में गोवंश के साथ एक व्यक्ति द्वारा कुकर्म करने का मामला सामने आया है। घटना का वीडियो इंटरनेट मीडिया पर वायरल होने के बाद हिंदूवादी संगठनों में रोष व्याप्त है। गुरुवार शाम को विश्व हिंदू परिषद के कार्यकर्तओं द्वारा मंगलवारा थाने पर हंगामा करने के बाद पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ कुकर्म का केस दर्ज कर लिया था। फुटेज से मिले हुलिए के आधार पर पुलिस आरोपित की तलाश कर रही है। उधर इस मामले को लेकर गृह मंत्री नरोत्तम मिश्रा ने भी काफी गुस्सा जाहिर किया है। शुक्रवार को जारी बयान में उन्होंने कहा है कि यह घटना काफी निंदनीय होने के साथ दुखद भी है। आरोपित को 24 घंटे के अंदर गिरफ्तार कर लिया जाएगा। उसके खिलाफ ऐसी कार्रवाई करेंगे कि वह नजीर बनेगी।
बेहद निंदनीय और दुखद, करेंगे सख्त कार्रवाई – नरोत्तम
शुक्रवार सुबह नरोत्तम ने कहा कि इससे ज्यादा निंदनीय बात और दुखद प्रसंग क्या होगा। हमारा हिंदुस्तान ऐसा देश है, जहां कई चीजों के बारे में मान्यताएं और धारणाएं अलग हैं। हम धरती को माता कहते हैं। इसी तरह हम गाय को भी माता कहते हैं। उसके साथ कुकृत्य करने का जो वीडियो सामने आया है, उससे मन दुखी और आहत भी हुआ है। हमने इसे बहुत गंभीरता से लिया है। थाने में आइपीसी की धारा 377 के तहत प्रकरण दर्ज कर लिया गया है। नरोत्तम ने दावा किया कि भले ही आरोपित की अभी शिनाख्त नहीं हुई है। लेकिन उसे चौबीस घंटे के भीतर पकड़ लिया जाएगा और ऐसी नजीर बनाएंगे कि दोबारा कोई ऐसा करने की सोचे भी नहीं।
