MP के खरगोन में बीजेपी अध्यक्ष जेपी नड्डा, सीएम शिवराज के साथ करेंगे रोड शो
खरगोन. भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा शुक्रवार को खरगोन दौरे पर रहेंगे। वे यहां महिला सम्मेलन, राज्य स्तरीय स्वरोजगार सम्मेलन और आवासीय भू-अधिकार पत्र वितरण कार्यक्रम में शामिल होंगे। वे यहां सुबह करीब सवा 11 बजे पहुंचेंगे। सीएम शिवराज सिंह चौहान भी मौजूद रहेंगे। दोनों नेता इस सम्मेलन में विभिन्न विकास कार्यों का लोकार्पण और भूमिपूजन के साथ ही हितग्राहियों को सरकारी योजनाओं का लाभ वितरित करेंगे। कार्यक्रम में स्वामित्व योजना के तहत 1 लाख 8 हजार 220 भू-स्वामियों को संपत्तियों के अधिकार अभिलेख दिए जाएंगे। साथ ही, मुख्यमंत्री आवासीय भू-अधिकार योजना के तहत 423 हितग्राहियों को पट्टे दिए जाएंगे।
रोड शो भी करेंगे नड्डा और शिवराज सिंह
भाजपा की केंद्र सरकार के 9 साल पूरा होने पर बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा खरगोन के नवग्रह मेला मैदान पर विशाल सभा को संबोधित करेंगे। इससे पहले, सरदार वल्लभ भाई पटेल चौराहा से सभा स्थल तक खुली जीप से रोड शो करेंगे। सीएम शिवराज सिंह चौहान और बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा भी इस रोड शो में शामिल रहेंगे।
