मणिपुर में रोका गया राहुल गांधी का काफिला, अब हेलिकॉप्टर से मणिपुर के चूराचांदपुर जाएंगे
मणिपुर. कांग्रेस नेता राहुल गांधी गुरुवार दोपहर को दो दिन के मणिपुर दौरे पर पहुंचे। यहां इंफाल से 20 किलोमीटर दूर विष्णुपुर के पास उनके काफिले को पुलिस ने रोक दिया, जिसके बाद वे इंफाल लौट आए हैं। राहुल चूराचांदपुर रिलीफ कैंप में पीड़ितों से मिलने जा रहे थे। पुलिस अधिकारियों ने कहा कि बिष्णुपुर जिले में हाईवे पर टायर जलाए गए थे और काफिला पर कुछ पत्थर भी फेंके गए थे। हमें डर है कि ऐसी घटनाएं दोबारा हो सकती हैं, इसलिए सावधानी रखते हुए काफिले को विष्णुपुर में रोका गया। यहां से वे हेलिकॉप्टर से चूराचांदपुर जाएंगे।

केसी वेणुगोपाल बोले काफिला रोकने की वजह समझ नहीं आ रही
कांग्रेस महासचिव केसी वेणुगोपाल ने कहा कि पुलिस का कहना है कि वे हमें इजाजत देने की स्थिति में नहीं हैं। राहुल का स्वागत करने लिए लोग सड़क के दोनों ओर खड़े हैं। हम समझ नहीं पा रहे हैं कि उन्होंने हमें क्यों रोका है।
30 जून तक मणिपुर में रहेंगे राहुल
राहुल को मणिपुर के रिलीफ कैंपों का दौरा करना है और सिविल सोसाइटी के नेताओं से मुलाकात करनी है। वे 30 जून तक मणिपुर में रहेंगे। मणिपुर कांग्रेस अध्यक्ष ओकराम इबोबी सिंह ने बताया कि राहुल का सीनियर सिटीजन और कई नेताओं से भी मिलने का भी प्रोग्राम है।
हिंसा में 131 लोग गंवा चुके हैं जान
मणिपुर में 3 मई से कुकी और मैतेई समुदाय के बीच हिंसा जारी है। हिंसा में अब तक 131 लोगों की मौत हो चुकी है। वहीं 419 लोग घायल हुए हैं। 65,000 से अधिक लोग अपना घर छोड़ चुके हैं। आगजनी की 5 हजार से ज्यादा घटनाएं हुई हैं। 6 हजार मामले दर्ज हुए हैं और 144 लोगों की गिरफ्तारी हुई है।
