MP में आवेदन के ही 25 हजार रुपए, टिकट के कितने लगेंगे
भोपाल. प्रदेश में विधानसभा चुनाव को अब बमुश्किल 5 महीने ही बचे है। ऐसे में राजनीति पार्टियां जिताऊ चेहरे तलाश रही है। एक पार्टी भी दावेदारों से आवेदन लेने की शुरुआत करने जा रही है। टिकट के दावेदारों को आवेदन में पॉलिटिकल, पर्सनल और प्रोफेशनल बैकग्राउंड के साथ ही आर्थिक स्थिति और क्षेत्र की जातिगत परिस्थितियां भी बताना होगी। ये भी बताना होगा कि कहीं कोई आपराधिक रिकॉर्ड तो नहीं हैं। और सबसे खास ये है कि आवेदन के लिए 25 हजार रुपए की फीस भी जमा करनी होगी।
25 हजार रुपए फीस के पीछे पार्टी के जिम्मेदारों का तर्क है कि पार्टी सत्ता में तो है नहीं, लिहाजा पार्टी के आयोजनों और संचालन के लिए कार्यकर्ताओं से ही सहयोग लिया जाएगा। दलित, आदिवासी, अल्पसंख्यक और अति पिछडे़ वर्गों के भरोसे सत्ता में भागीदारी पाने की चाह रखने वाले इस दल के दावेदार फीस को लेकर टेंशन में हैं। विंध्य क्षेत्र से इस पार्टी से टिकट के एक दावेदार कहते हैं कि अभी जब आवेदन के साथ 25 हजार रुपए जमा करने पड़ेंगे तो जब टिकट मिलेगा उस वक्त कहीं भारी भरकम फीस न मांग ली जाए।
