टाउन हाल के सामने ट्रैफिक बंद करने से कारोबारियों में रोष, कहा ट्रैफिक पूरी तरह रोक तो कारोबार ठप्प हो जाएगा

ग्वालियर. महाराज बाड़े पर टाउन हाल के सामने पूरी सड़क पर ट्रैफिक बंद करने के लिए निर्माण कार्य शुरू हो चुका है। लेकिन इससे यहां के कारोबारियों में रोष है। गुरुवार को चेंबर आफ कामर्स के नेतृत्व में कारोबारियों की बैठक हुई। जिसमें कारोबारियों का कहना है- यहां अगर ट्रैफिक पूरी तरह रोक दिया जाएगा, कारोबार ठप्प हो जाएगा। जब से निर्माण कार्य शुरू हुआ है, तब से व्यापार पर असर पड़ना शुरू हो गया है। इसलिए कारोबारियों ने मांग की है- टाउन हाल के सामने साढ़े सात मीटर सड़क वाहनों के अावागमन के लिए छोड़ी जाए। टाेपी बाजार से ट्रैफिक निकालने को लेकर भी व्यापारी विरोध में दिखे। इन दोनों व्यवस्थाओं को लेकर व्यापारी विरोध में उतरे हैं। व्यापारियों का कहना है, अगर मांगें नहीं मानी गई तो चरणबद्ध आंदोलन होगा। इसकी रूपरेखा शुक्रवार को संघर्ष समिति की बैठक में तय होगी।

भविष्य की प्लानिंग यहां से ट्रैफिक पूरी तरह बंद करने की है
दरअसल महाराज बाड़े पर सौंदर्यीकरण का काम चल रहा है। टाउन हाल के पास पैडस्ट्रियन जोन बन रहा है। डाकघर के सामने तो पैडस्ट्रियन जोन के आगे सड़क छोड़ी गई है, लेकिन टाउन हाल के सामने पूरा रास्ता बंद कर दिया गया है। यहां पैडस्ट्रियन जोन बनाया जा रहा है और भविष्य की प्लानिंग यहां से ट्रैफिक पूरी तरह बंद करने की है। इसी के चलते कारोबारी विरोध कर रहे हैं। चेंबर आफ कामर्स में बैठक आयोजित की गई। बैठक में व्यापारियों ने कहा- पैडस्ट्रियन जोन बनने से टाउन हाल के आसपास वाले कारोबारियों पर सबसे ज्यादा असर पड़ रहा है। व्यापार ठप्प हो गया है।

कारोबारियों की मांग, डाकघर की तरह सड़क ट्रैफिक के लिए छोड़ी जाए
बैठक में कहा गया कि यहां से ट्रैफिक बंद करने से सराफा बाजार, दौलतगंज में ट्रैफिक लोड बढ़ जाएगा। चेंबर आफ कामर्स के अध्यक्ष डा.प्रवीण अग्रवाल ने कहा कि टोपी बाजार में दोनों तरफ से जब वाहन गुजरेंगे तो यहां मोड़ पर ट्रैफिक बाधित होगा, इसलिए यहां से ट्रैफिक निकालना संभव नहीं है। यह दोनों ही मांग पुलिस और प्रशासन के सामने रखी जाएंगी। अगर यह नहीं मानी जाएंगी तो चरणबद्ध आंदोलन होगा, इसके लिए संघर्ष समिति बनाई गई है। बैठक में सचिव दीपक अग्रवाल ने कहा- महाराज बाड़ा क्षेत्र में मध्यमवर्गीय ग्राहक आता है, पैदल यात्री जोन से यहां यह वर्ग आना बंद कर देगा। इससे व्यापार प्रभावित होगा। बैठक में उपाध्यक्ष डा.राकेश अग्रवाल, नजरबाग मार्केट एसोसियेशन के अध्यक्ष सुरेश बंसल, गांधी मार्केट एसोसियेशन के अध्यक्ष गिरधारी लाल चावला, टोपी बाजार एसोसियेशन के अध्यक्ष संदीप वैश्य, माधव अग्रवाल, मयंक अग्रवाल, राजा वाटवानी सहित अन्य कारोबारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *