मप्र में हफ्ते के आखिर तक दस्तक देगा मानसून
भोपाल. दक्षिण-पश्चिम मानसून के इस सप्ताहांत में मध्य प्रदेश में आने की संभावना है, हालांकि राजधानी भोपाल और इंदौर सहित राज्य के कुछ हिस्सों में प्री-मानसून बारिश जारी रह सकती है। आईएमडी के एक अधिकारी ने शुक्रवार को जानकारी दी है कि बीते दो दिनों में छत्तीसगढ़ की सीमा से लगे राज्य के पूर्वी हिस्सों में बारिश हुई, जिससे नागरिकों को भीषण गर्मी से काफी राहत मिली। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) भोपाल के निदेशक आर बालासुब्रमण्यम ने बताया कि दक्षिण-पश्चिम मानसून 24 या 25 जून को मध्य प्रदेश में पहुंचने की संभावना है और इसके 26 या 27 जून को राज्य की राजधानी भोपाल में पहुंचने की उम्मीद है। 29 जून तक मानसून पूरे मध्यप्रदेश में फैल जाएगा।
बीते साल 21 जून को आ गया था मानसून
गौरतलब है कि बीते साल मध्यप्रदेश में मानसून अपने सामान्य समय से एक दिन पहले 16 जून को पहुंच गया था। 21 जून तक इसने राज्य के 80 फीसदी हिस्से को कवर कर लिया था। इस बार बिपरजॉय चक्रवात तूफान के कारण मानसून अपने सामान्य समय से 7 दिन देरी से 8 जून को केरल पहुंचा। बालासुब्रमण्यम के मुताबिक इस समय मध्य प्रदेश में 3 सिस्टम नमी लेकर आ रहे हैं।
