MP में 12 लाख और बढ़ेंगी लाड़ली बहना, आयु सीमा 23 से घटाकर 21 वर्ष होगी

भोपाल. महिला सशक्तीकरण के लिए शिवराज सरकार द्वारा लागू की गई मुख्यमंत्री लाड़ली बहना योजना को विस्तार दिया जाएगा। इसमें आयु सीमा अब 23 वर्ष के स्थान पर 21 वर्ष होगी। इससे लगभग 12 लाख लाड़ली बहना और बढ़ जाएंगी। इसके साथ ही ऐसे परिवार भी योजना के दायरे में आएंगे, जिनके पास ट्रेक्टर है। इसके लिए महिला एवं बाल विकास विभाग योजना के नियम में संशोधन का प्रस्ताव कैबिनेट में प्रस्तुत करेगा। मुख्यमंत्री लाड़ली बहना योजना में पात्रता आयु 23 से 60 वर्ष निर्धारित की गई है। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान को विभिन्न माध्यमों से आयु सीमा 21 वर्ष करने के सुझाव मिले थे।

जल्द ही कैबिनेट में प्रस्ताव प्रस्तुत किया जाएगा
इस आधार पर उन्होंने आयु सीमा 23 वर्ष से घटाकर 21 वर्ष करने और जिस परिवार में ट्रेक्टर हो, उसे भी पात्र मानने की घोषणा की थी। महिला एवं बाल विकास विभाग के अधिकारियों का कहना है कि मुख्यमंत्री की घोषणा के अनुरूप योजना के नियम में संशोधन किया जाएगा। इसके लिए जल्द ही कैबिनेट में प्रस्ताव प्रस्तुत किया जाएगा। प्रदेश में अभी एक करोड़ 25 लाख से अधिक लाड़ली बहना हैं। इनके खातों में एक-एक हजार रुपये अंतरित भी किए जा चुके हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *