80 खंभा बावड़ी में शहर के लोगों ने किया योगा

ग्वालियर. बुधवार सुबह 9वें अन्तर्राष्ट्रीय योग दिवस के मौके पर सामूहिक योग कार्यक्रम ऐतिहासिक दुर्ग स्थित 80 खंभा बावड़ी परिसर में किया गया। मुगल शासन में यह मुगल कालीन जेल हुआ करती थी। सिखों के छटवें गुरु हरगोविंद सिंह को मुगलों ने यहीं कैद किया था। 80 खंभा परिसर में सैकड़ों स्कूल छात्र छात्राएं, सामान्य नागरिक व प्रशासनिक अफसरों ने सामूहिक योग किया। प्रशासन के सामूहिक योग कार्यक्रम में मंत्री, सांसद, विधायक व अन्य जनप्रतिनिधि नदारद रहे। सभी ने अपने-अपने क्षेत्र में आयोजित अन्य योग शिविर व कार्यक्रम में भाग लिया है। चुनावी साल होने का असर सामूहिक योगा कार्यक्रम पर भी देखने को मिला है।

योग करते कलेक्टर अक्षय कुमार सिंह, निगमायुक्त हर्ष सिंह

एक लय और कतार में योगा करते दिखे युवा
ऐतिहासिक दुर्ग के 80 खंभा बावड़ी परिसर में बुधवार सुबह 6 बजे से 8 बजे के बीच योगा एक्सपर्ट की निगरानी में शहर नागरिकों, छात्र छात्राओं के अलावा कलेक्टर अक्षय कुमार सिंह, नगर निगम आयुक्त हर्ष सिंह सहित अन्य अफसरों ने एक साथ योगा किया। योगा एक्सपर्ट के बताए अनुसार एक लय और कतार में युवा योगा करते देखे गए। स्कूली छात्र-छात्राओं ने भी योगा किया। इस मौके पर कलेक्टर ग्वालियर सिंह ने युवाओं को बताया कि जिस जगह पर हम योगा कर रहे हैं उस जगह का पुरातात्विक महत्व क्या है।

भाजपा के कार्यक्रम में सांसद शेजवलकर, पूर्व मंत्री जयभान सिंह, जिलाध्यक्ष अभय शामिल हुए

शिव मंदिर से मुगलों की जेल कैसे बनी 80 खंभा बावड़ी
ग्वालियर के ऐतिहासिक दुर्ग पर बने हर स्मारक का एक समृद्ध इतिहास है। ऐसा ही एक स्मारक है 80 खंबा की बावड़ी। हालांकि एक समय यह बावड़ी शिव मंदिर थी और इसे 16वीं सदी में राजा मान सिंह तोमर के शासनकाल में बनवाया गया था। जब ग्वालियर दुर्ग पर मुगलों का कब्जा हो गया तो इस बावड़ी को जेल में तब्दील कर दिया गया। इस बावड़ी जेल में कैदियों को रखा जाने लगा। चूंकि पहले इस बावड़ी में मंदिर था, लेकिन मुगल शासनकाल में उसका स्वरूप बदल दिया गया, जिससे इसकी शैली इंडो-इस्लामिक हो गई। सिखों के छटवें गुरु हरगोविंद सिंह काे यहीं कैद रखा गया था। यहां 52 बंदी राजाओं को साथ लेकर वह बाहर निकले थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *