सौराष्ट्र-कच्छ तट पर बिपरजॉय का लैंडफॉल, हवा की रफ्तार 125 किमी प्रति घंटा
अहमदाबाद. चक्रवात बिपरजॉय का गुजरात के तट पर लैंडफॉल हो गया है। तूफान के सौराष्ट्र और कच्छ के तट से टकराने के साथ ही हवा की रफ्तार 125 किमी प्रति घंटे तक पहुंच गई है। मौसम विभाग ने लैंडफाल की पूरी तीव्रता रात में करीब 8 से 10 बजे के बीच रहने का अनुमान जताया था। इस दौरान हवा की रफ्तार 150 किमी प्रति घंटे तक पहुंच सकती है। मौसम विभाग ने बताया कि तूफान का लैंडफॉल आधी रात तक जारी रहेगा। कच्छ और सौराष्ट्र के लिए रेड अलर्ट जारी किया गया है। यहां तेज हवाओं के साथ भारी बारिश हो रही है। कई इलाकों में पेड़ और खंभे गिरने लगे हैं। 94 हजार से ज्यादा लोगों को तटीय इलाकों से रेस्क्यू किया गया है। कोस्ट गार्ड ने 15 जहाज और 7 एयरक्राफ्ट तैयार रखे हैं। NDRF की 27 टीमें भी तैनात की गई हैं।

25 साल में जून में गुजरात से टकराने वाला पहला तूफान
बिपरजॉय पिछले 25 साल में जून महीने में गुजरात के तट से टकराने वाला पहला तूफान होगा। इससे पहले 9 जून 1998 को एक तूफान गुजरात के तट से टकराया था। तब पोरबंदर के पास 166 kmph की रफ्तार से हवा चली थी। बीते 58 साल की बात करें तो 1965 से 2022 के बीच अरब सागर के ऊपर से 13 चक्रवात उठे। इनमें से दो गुजरात के तट से टकराए। एक महाराष्ट्र, एक पाकिस्तान, तीन ओमान-यमन और छह समुद्र के ऊपर कमजोर पड़ गए।
गुजरात के जखौ में तेज हवा के चलते मकानों की छतें उड़ने लगीं, यहां शाम से भारी बारिश भी हो रही है।
गुजरात के साथ 10 राज्यों में तूफान का असर रहेगा
मौसम विभाग के अनुसार, गुजरात के अलावा 10 अन्य राज्यों में इस तूफान का असर देखा जा रहा है। इनमें राजस्थान, महाराष्ट्र, कर्नाटक, लक्षद्वीप, केरल, असम, अरुणाचल प्रदेश, मेघालय शामिल हैं। यहां के कई इलाकों में तेज हवाएं चल रही हैं और बारिश हो रही है।
कच्छ इलाके में तेज बारिश के कारण कई जगह पेड़ गिरे हैं। प्रशासन ने यहां से लोगों को पहले ही हटा लिया था।
मुंद्रा शहर में तेज हवाओं के कारण खजूर का बाग उजड़ गया। यहां कई पेड़ गिर गए।
केंद्रीय मंत्री पुरुषोत्तम रूपाला आज गुजरात के एकादश रुद्र महादेव मंदिर दर्शन के लिए पहुंचे थे। इस दौरान चक्रवात के समुद्र में लहरें उठने लगीं। वे यहां से सुरक्षित निकल गए।
