चार पूर्व विधायक छोड़ सकते हैं बीजेपी
भोपाल. भाजपा में शुरू हुई अंतर्कलह समाप्त होने का नाम नहीं ले रही है। पार्टी में एक के बाद एक असंतोष के सुर बुलंद हो रहे हैं। सागर के बाद अब कटनी के पूर्व विधायकों ने बगावती तेवर दिखाने शुरू कर दिए हैं। यहां चार पूर्व विधायकों ने कांग्रेस से आए नेताओं का खुलकर विरोध जताया है। पूर्व विधायक अलका जैन ने कहा कि बीजेपी को अब सीनियर नेताओं की जरूरत नहीं दिख रही है। हम सबको दूध में से मक्खी के जैसे बाहर फेंक दिया है। वहीं, पूर्व विधायक सुर्कीति जैन ने कहा कि कटनी के चारों पूर्व विधायकों का बयान एक ही लाइन पर है कि हमारी उपेक्षा हो रही है। हमारे पास विकल्प है कि यदि कांग्रेस से ऑफर आता है तो विचार करेंगे और यदि नहीं आता है तो बीजेपी को बीजेपी के भरोसे छोड़ देंगे।
इन नेताओं के भाजपा छोड़कर जाने के सवाल पर बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा ने कहा कि कोई भाजपा नहीं छोड़ रहा है। इससे पहले पूर्व विधायक हरेंद्रजीत सिंह बब्बू और सत्यनारायण सत्तन बगावती तेवर दिखा चुके हैं। साफ है कि बीजेपी में नाराज नेताओं की संख्या बढ़ती जा रही है। इससे पहले केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया के समर्थक मंत्री सरकार पर सीधा हमला कर चुके हैं।
