नॉर्थ-ईस्ट में लॉन्च होगी पहली वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेन, PM मोदी दिखाएंगे हरी झंडी

असम. देश के उत्तर-पूर्वी राज्यों को भी वंदे भारत ट्रेन की सौगात मिलने वाली है। सोमवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी असम की पहली ‘वंदे भारत एक्सप्रेस’ को हरी झंडी दिखाकर रवाना करेंगे। प्रधानमंत्री कार्यालय (पीएमओ) की ओर से जारी एक बयान में कहा गया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 29 मई को दोपहर 12 बजे वीडियो कांफ्रेंस के माध्यम से असम की पहली वंदे भारत एक्सप्रेस को झंडी दिखाकर रवाना करेंगे। यह अत्याधुनिक वंदे भारत एक्सप्रेस, क्षेत्र के लोगों को गति, सुविधा और कनेक्टिविटी मुहैया कराने की हमारी प्रतिबद्धता का परिचायक है। इससे क्षेत्र में पर्यटन और सामाजिक-आर्थिक विकास को भी बढ़ावा मिलेगा।

बेहतर होगी कनेक्टिविटी
गुवाहाटी को न्यू जलपाईगुड़ी से जोड़ने वाली यह ट्रेन दोनों स्थानों को जोड़ने वाली वर्तमान में चलने वाली सबसे तेज ट्रेन की तुलना में यात्रा के समय में लगभग एक घंटे की बचत करने में मदद करेगी। वंदे भारत, यात्रा को 5 घंटे 30 मिनट में तय करेगी, जबकि वर्तमान सबसे तेज़ ट्रेन उसी यात्रा को तय करने में 6 घंटे 30 मिनट का समय लेती है। इससे यात्रा में लगने वाले समय को कम करने के साथ प्रदूषण मुक्त परिवहन प्रदान करने में भी मदद मिलेगी। पीएमओ ने कहा कि यह मेघालय में प्रवेश करने के लिए विद्युत चालित ट्रेनों के दरवाजे भी खोलेगी। इस अवसर पर प्रधानमंत्री मोदी 182 किलोमीटर लंबे मार्ग के नए विद्युतीकृत खंडों को भी राष्ट्र को समर्पित करेंगे। साथ ही असम के लुमडिंग में नवनिर्मित डेमू/एमईएमयू शेड का भी उद्घाटन करेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *