ज्वाला के आखिरी बचे शावक की हालत में सुधार
श्योपुर. रविवार को कूनो प्रशासन के अधिकारियों ने बड़े बाडे़ से मादा चीता निरवा को रिलीज कर दिया है। अब खुले जंगल में चीतों की संख्या 6 से बढ़कर 7 हो गई है, उधर ज्वाला चीता के आखिरी बचे शावक की तबीयत में सुधार हो रहा है। पीसीसीएफ जेएस चौहान ने इसकी पुष्टि की है।
खुले जंगल में चीतों की संख्या 7 हो गई
अधिकारियों की बैठक के बाद कूनों के बड़े बाडे से दो मादा चीताओं को खुले जंगल में छोड़े जाने का निर्णय लिया गया था, इसके बाद से वन विभाग अमला लगातार निरवा सहित दो मादा चीतों को पकड़कर बाड़े से बाहर खुले जंगल में छोड़ने के प्रयास करने में पिछले 4 से 5 दिनों से जुड़ा हुआ था, रविवार को मादा चीता निरवा को वन विभाग अमले ने पकड़ लिया, फिर उसे खुले जंगल में छोड़ दिया गया है। अब कूनो नेशनल पार्क के खुले जंगल में चीतों की संख्या 7 हो गई है जबकि, बड़े बाडे में अभी भी 10 चीते रह रहे हैं, जिन्हें जल्द ही क्रमबद्ध तरीके से खुले जंगल में छोड़े जाने की तैयारी है।
ज्वाला के आखिरी शावक की तबीयत में सुधार
मार्च महीने के आखिरी सप्ताह में भारत की भूमि पर कूनो नेशनल पार्क में जन्मे मादा चीते ज्वाला के 4 शावकों में से तीन की मौत हो चुकी है, बचा हुआ आखिरी 1 शावक भी बीमार था, उपचार और डॉक्टरों की निगरानी के बाद अब इस शावक की तबीयत में लगातार सुधार हो रहा है, पीसीसीएफ जे चौहान ने ऐसे सावक की तबीयत ठीक होने की बात फोन पर कही है।
