कांग्रेस की 36 सीटों पर बीजेपी का गुजरात-यूपी फॉर्मूला
भोपाल. मध्यप्रदेश विधानसभा चुनाव में महज 6 महीने का समय बचा है। ऐसे में बीजेपी ने ‘मिशन 103’ पर काम शुरू कर दिया है। ये वे सीटें हैं, जिन पर लंबे समय से कांग्रेस का कब्जा है। इनमें से 36 सीटें ऐसी हैं, जहां कांग्रेस के दिग्गज काबिज हैं। इन सीटों पर जीत हासिल करना भाजपा के लिए चुनौती है। भाजपा ने इन्हें ‘आकांक्षी विधानसभा’ नाम दिया है। अब इन सीटों पर जीत के लिए भाजपा गुजरात और उत्तर प्रदेश फॉर्मूला अपनाएगी। इनमें से अधिकांश सीटें आरक्षित वर्ग से आती हैं।
2018 और 2020 के उपचुनाव में हार झेलनी पड़ी
बीजेपी ने प्रदेश में 103 ऐसी विधानसभा सीटें चिन्हित की हैं, जिन पर उसे 2018 और 2020 के उपचुनाव में हार झेलनी पड़ी थी। इन सीटों पर जीत के लिए बीजेपी स्पेशल रणनीति तैयार कर रही है। इनमें से 36 सीटें ऐसी हैं, जिन पर बीजेपी या तो कभी जीती नहीं या लंबे समय से उसके कब्जे में नहीं हैं। इन सीटों में पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ का गढ़ छिंदवाड़ा, नेता प्रतिपक्ष डॉ. गोविंद सिंह का विधानसभा क्षेत्र लहार, गुना जिले का राघौगढ़ जहां से दिग्विजय के बेटे जयवर्धन सिंह विधायक हैं। खरगोन जिले की कसरावद सीट, जहां पर सुभाष यादव के बेटे सचिन यादव विधायक हैं। इसके साथ ही भोपाल उत्तर सीट, जहां से आरिफ अकील जीत कर आते हैं।
आकांक्षी सीटों के लिए गुजरात-यूपी फॉर्मूला
कांग्रेस के प्रभाव वाली सीटों को जीतने के लिए बीजेपी गुजरात फॉर्मूला यानी हर बूथ पर 51 फीसदी वोट शेयर प्राप्त करने और उत्तर प्रदेश के फॉर्मूले और योजनाओं के जरिए जनता से कनेक्ट होने पर काम कर रही है, जिससे इन सीटों पर बीजेपी को जीत मिल सके। हालांकि भले ही 2003, 2008 और 2013 में बीजेपी जीत दर्ज कर सत्ता पर काबिज हुई हो, लेकिन इन इलाकों में बीजेपी कांग्रेस को हरा नहीं पाई है।
विकास के मुद्दे पर लड़ेगी पार्टी
बीजेपी प्रवक्ता पंकज चतुर्वेदी का कहना है कि बीजेपी की प्रदेश कार्यसमिति में इस बार 200 पार का नारा दिया गया है, इसलिए उनके लिए हर सीट महत्वपूर्ण है। विशेष सीटों के लिए बीजेपी के पास केवल विकास का ही फॉर्मूला है। केंद्रीय योजनाओं और शिवराज सरकार के विकास के मुद्दे पर ही बीजेपी विधानसभा चुनाव में जीत दर्ज करेगी।
