NIA ने हाईकोर्ट के वकील समेत 3 को हिरासत में

जबलपुर. नेशनल इन्वेस्टिगेशन एजेंसी (NIA) ने जबलपुर के 13 इलाकों में छापे मारे हैं। टीम ने मध्यप्रदेश हाईकोर्ट के वरिष्ठ वकील ए. उस्मानी को हिरासत में लिया है। एनआईए की टीम ने शुक्रवार देर रात उनके बड़ी घंटाघर, ओमती स्थित घर और ऑफिस पर दबिश दी। पुलिस वकील से पूछताछ कर रही है। सिविल लाइन इलाके के सुप्रीम प्लाजा अपार्टमेंट से भी दो लोगों को हिरासत में लेने की जानकारी है। यह दबिश विदेशी हथियार और जमात-ए-मुजाहिद्दीन (बांग्लादेश) टेरर फंडिंग से जुड़े मामले में दी गई। इसका इनपुट भोपाल समेत दूसरे शहरों से गिरफ्तार किए गए संदिग्धों की पुलिस पूछताछ में हुआ था। संदिग्धों की रिमांड खत्म हो चुकी है।

दिल्ली और भोपाल के एक दर्जन IPS अफसर और 200 पुलिसकर्मी शामिल
वकील के मुस्लिम बाहुल्य इलाके स्थित घर NIA की टीम शुक्रवार रात करीब 11 बजे पहुंची। टीम में दिल्ली और भोपाल के करीब एक दर्जन IPS अफसर और 200 पुलिसकर्मी शामिल हैं। टीम ने वकील के घर के अंदर जाकर छानबीन और पूछताछ शुरू कर दी। कार्रवाई शुरू होने के साथ ही उनके घर की घेराबंदी कर घंटाघर और ओमती में रोड के दोनों सिरों पर बैरिकेड लगा दिए गए। आवाजाही पूरी तरह रोक दी गई। जबलपुर SP तुषारकांत विद्यार्थी भी बाद में पहुंचे। NIA ने शहर के सिविल लाइन में 2 जगह, बड़ी ओमती में 2 जगह और अधारताल में भी यह कार्रवाई की है। NIA जब बड़ी ओमती में हिस्ट्रीशीटर अब्दुल रज्जाक के घर के आसपास कार्रवाई कर रही थी, तब पुलिस ने मीडियाकर्मियों के मोबाइल छीन लिए। टीम ने रज्जाक से जुड़े होने के शक में मकसूद कबाड़ी और अहद उल्लाह अंसारी के घर भी दबिश दी है।

घरों से बाहर निकले लोगों को पुलिस ने अंदर भेजा
कार्रवाई शुरू होने के साथ ही घंटाघर और ओमती में दोनों सिरों पर बैरिकेड्स लगाकर आवाजाही पूरी तरह रोक दी गई। सड़क पर सिर्फ पुलिस के वाहन ही दिख रहे थे। आसपास के लोग भी घरों से निकलकर आने लगे, जिन्हें पुलिस बल ने रोका और भीतर ही रहने के निर्देश दिए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *