हनीट्रैप के वीडियो की हार्डडिस्क पहली बार कोर्ट में पेश,एसआईटी ने कहा वीडियो अंतरंग हैं, बंद चेंबर में ही देखे जाएं, आरोपियों को न दें

भोपाल. 2019 में उजागर हुए हनी ट्रैप से जुड़े मानव तस्करी केस की सुनवाई में साढ़े 3 साल में पहली बार हनी ट्रैप के वीडियो भोपाल की कोर्ट में पेश किए गए। वीडियो एक सील बंद हार्ड डिस्क में लाए गए। ये वो वीडियो हैं, जिनकी सेंट्रल फॉरेंसिक साइंस लैबोरेटरी से ओके रिपोर्ट मिल चुकी है। इसका मतलब है कि ये वीडियो ओरिजिनल हैं। मामले की जांच के लिए बनी स्पेशल इन्वेस्टिगेशन टीम ने वीडियो की हार्ड डिस्क कोर्ट में पेश करते हुए ये भी अर्जी दी है कि ये तमाम वीडियो अंतरंग हैं। बचाव पक्ष के लोगों को ये वीडियो उपलब्ध न कराए जाएं। केस की सुनवाई बंद चैंबर में हो। यानी चैंबर में न्यायाधीश और दोनों पक्षों के वकीलों के अलावा किसी और को अनुमति न दी जाएं। एसआईटी के हेड एडीजी विपिन माहेश्वरी के पत्र के साथ वीडियो वाली ये हार्ड डिस्क भोपाल में जज स्मृता सिंह ठाकुर की कोर्ट में पेश की गई हैं। जांच एजेंसी ने हनी ट्रैप केस से जुड़े मानव तस्करी के मामले की आरोपी श्वेता विजय जैन और आरती दयाल के वॉयस सैंपल लेने के लिए कोर्ट में आवेदन लगाया है

कोर्ट में पेश किए गए वीडियो में क्या है
हनी ट्रैप मामले में मानव तस्करी से जुड़ा एक केस भोपाल में दर्ज किया गया था। इसमें कहा गया था कि एक कॉलेज छात्रा को आरोपियों ने चंगुल में फंसाकर उसे अपने फायदे के लिए इस्तेमाल किया। इस छात्रा को चुने हुए लोगों के पास भेजकर उसके अंतरंग वीडियो बनाए गए। ये वीडियो आरोपियों से जब्त इलेक्ट्रॉनिक गैजेट्स में सुरक्षित रखे गए थे। इनकी सत्यता जानने के लिए एसआईटी ने ये वीडियो सीएफएसएल को भेजे थे। सीएफएसएल ने रिपोर्ट में बताया है कि कौन सा वीडियो किस तारीख को बनाया गया है। ऐसे 5 से ज्यादा अंतरंग पलों के वीडियो इस हार्ड डिस्क में बताए जा रहे हैं। इन वीडियो के आधार पर एसआईटी कोर्ट में ये प्रमाणित करने की कोशिश करेगी कि छात्रा को अलग-अलग लोगों के पास भेजकर उनके अंतरंग पलों के वीडियो रिकॉर्ड किए जा रहे थे। छात्रा ने शुरुआती बयान में कबूल किया था कि उसे प्रभावशाली लोगों के पास भेजकर उसके वीडियो बनाए जा रहे थे। ये वीडियो दिखाकर लोगों से पैसों की डिमांड की जाती थी, लेकिन बाद में वह बयान से पलट गई। उसने कोर्ट को बताया कि पुलिस के दबाव में उसने ऐसा कहा था।

मानव तस्करी मामले में पीड़िता बयान से कोर्ट में पलटी
मानव तस्करी केस में फरियादी ने कोर्ट को बताया था कि उसके साथ किसी भी आरोपी ने दुर्व्यवहार नहीं किया, बल्कि पुलिस के दबाव में आकर उसने बयान दिया था। इस केस की सुनवाई लगभग पूरी हो गई है। विवेचक मनोज शर्मा की गवाही बाकी है। फरियादी युवती के पलट जाने के कारण पुलिस इलेक्ट्रॉनिक सबूत के आधार पर ही केस में पक्ष रखना चाहती है। हालांकि, इससे पहले पीड़िता ने अपने बयान में कहा था कि पैसों का लालच देकर आरोपियों ने उसे चंगुल में फंसाया था। उसे कई लोगों के पास भेजा जाता था।

श्वेता स्वप्निल जैन को सरकारी गवाह बनाने पर संशय
मानव तस्करी मामले में बरी हो चुकी श्वेता स्वप्निल जैन को सरकारी गवाह बनाने की तैयारी है। इसकी बड़ी वजह यह कि गिरफ्तारी के समय श्वेता ने (सरकारी गवाह) बनने के उद्देश्य से ही ऐसे तथ्यों का खुलासा किया था, जो अन्य आरोपियों के खिलाफ अपराध सिद्ध कर सकते हैं। इसका खुलासा हनी ट्रैप कांड की शुरुआती जांच के चीफ रहे एडीजी संजीव शमी द्वारा नए एसआईटी चीफ राजेंद्र कुमार को भेजे गए पत्र में हुआ है। 3 अक्टूबर 2019 को एडीजी शमी की तरफ से भेजे गए पत्र में इसका जिक्र है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *