मोदी कैबिनेट में बड़ा बदलाव, किरेन रिजिजू की जगह मेघवाल होंगे कानून मंत्री
नई दिल्ली. मोदी कैबिनेट में बड़ा बदलाव किए जाने की सूचना है। किरेन रिजिजू को कानून मंत्री पद से हटा लिया गया है। उनके स्थान पर अर्जुन राम मेघवाल को नया कानून मंत्री बनाया गया है। किरेन रिजिजू को अर्थ एंड साइंस मंत्रालय (पृथ्वी विज्ञान मंत्रालय) सौंपा गया है। राष्ट्रपति भवन से मिली जानकारी के अनुसार, अर्जुन राम मेघवाल को अपने मौजूदा विभागों के अलावा कानून और न्याय मंत्रालय में राज्य मंत्री के रूप में स्वतंत्र प्रभार सौंपा गया है।
अभी होंगे और बदलाव
कहा जा रहा है कि मोदी कैबिनेट में बदलाव की चर्चा लंबे समय से हो रही है। इसकी नींव तभी पड़ गई थी जब पीएम मोदी ने सभी मंत्रालयों से अपने कामों और उपलब्धियों पर रिपोर्ट मांगी थी। इस तरह के बदलाव को साल 2024 के आम चुनावों से भी जोड़कर देखा जा रहा है। मोदी सरकार चुनावों से पहले सभी समीकरणों को गांठने के लिए बदलाव कर सकती है।
