कर्नाटक की तरह MP में भी कांग्रेस का OBC फॉर्मूला,जाति जनगणना को बना सकती है मुद्दा
भोपाल. मध्यप्रदेश के अगले विधानसभा चुनाव के लिए कांग्रेस जाति जनगणना को मुद्दा बनाने की तैयारी में है। कर्नाटक विधानसभा चुनाव में राहुल गांधी ने इसे ही मुद्दा बनाकर बीजेपी के अन्य पिछड़ा वर्ग (ओबीसी) वोट बैंक में सेंध लगाई है। मध्यप्रदेश में पिछले चार साल से ओबीसी आरक्षण को 14 फीसदी से बढ़ाकर 27 फीसदी करने का फायदा देने की हिमायती बनकर कांग्रेस-बीजेपी श्रेय लेना चाहती हैं। इसकी वजह है कि प्रदेश में आधी आबादी (49 फीसदी) ओबीसी वर्ग की ही है।
जब 2019 में कमलनाथ सरकार ने ओबीसी आरक्षण को 14 फीसदी से बढ़ाकर 27 फीसदी करने का निर्णय लिया था, तभी बीजेपी सतर्क हो गई थी। नगरीय निकाय व पंचायत चुनाव में इसका असर देखने को भी मिला था। अब पहली बार है कि विधानसभा चुनाव में दलित-आदिवासी से ज्यादा फोकस पिछड़ों पर होगा।
