MP के 241 नवनियुक्त सरकारी कर्मचारियों को मिले अपॉइंटमेंट लेटर
भोपाल. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा, आज सरकारी नौकरियों के फॉर्म में डॉक्यूमेंट्स को सेल्फ अटेस्ट करना भी पर्याप्त होता है। पहले लाइन में लगे रहो, अटेस्ट कराओ, फिर आवेदन डाक से भेजा जाता था। गारंटी भी नहीं होती थी कि आवेदन पहुंचेगा भी या नहीं। आज आवेदन से लेकर नतीजे आने तक की पूरी प्रकिया ऑनलाइन हो गई है। ग्रुप C और ग्रुप D के पदों पर भर्ती के लिए इंटरव्यू भी खत्म हो गए हैं। इन सारे प्रयासों से भ्रष्टाचार और भाई-भतीजावाद खत्म हुआ है। प्रधानमंत्री ने मंगलवार को देशभर के 71206 नवनियुक्त युवाओं को वर्चुअली अपॉइंटमेंट लेटर बांटे। इन युवाओं की भर्ती केंद्र सरकार, राज्य सरकारों और केंद्र शासित प्रदेशों के विभिन्न विभागों में की गई है। PM इस कार्यक्रम में वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए जुड़े। देशभर में 45 जगह रोजगार मेले आयोजित हुए। भोपाल के समन्वय भवन में आयोजित रोजगार मेले में केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया शामिल हुए। यहां मध्यप्रदेश के 241 नवनियुक्त युवाओं को अपॉइंटमेंट लेटर दिए गए। PM ने नवनियुक्त युवाओं से कहा, आप सभी को ये नियुक्ति पत्र कड़ी मेहनत से मिला है, इसके लिए मैं आपको और आपके परिवार को बधाई देता हूं। बीते 9 वर्षों में भारत सरकार ने सरकारी भर्ती प्रक्रिया को ज्यादा तेज करने, ज्यादा पारदर्शी और निष्पक्ष बनाने को भी प्राथमिकता दी है। प्रधानमंत्री ने 23 मिनट 14 सेकंड तक अपनी बात रखी। उन्होंने अपने 9 साल के कार्यकाल पर भी बात की।
इन पदों पर हुई भर्तियों के नियुक्ति पत्र दिए
केंद्र, राज्य और केंद्र शासित क्षेत्रों में ये नियुक्तियां की गई हैं। देशभर से चयनित नवनियुक्तों को ग्रामीण डाक सेवक, डाक निरीक्षक, वाणिज्यिक व टिकट लिपिक, कनिष्ठ लिपिक व टंकक, कनिष्ठ खाता लिपिक, ट्रैक मेनटेनर, सहायक सेक्शन अधिकारी, अवर श्रेणी लिपिक, उपमंडलाधिकारी, कर सहायक, सहायक प्रवर्तन अधिकारी, इंसपेक्टर, नर्सिंग अधिकारी, सहायक सुरक्षा अधिकारी, दमकल अधिकारी, सहायक खाता अधिकारी, सहायक लेखा परीक्षण अधिकारी, मंडलीय खाता निरीक्षक, लेखा परीक्षक, कॉन्स्टेबल, हेड कॉन्स्टेबल, सहायक कमानडेंट, प्रधानाध्यापक, प्रशिक्षित स्नातक अध्यापक, सहायक पंजीयक, सहायक प्रोफेसर आदि शामिल हैं।
बड़ी कंपनियों के CEO भारत में निवेश के लिए उत्साहित
प्रधानमंत्री ने कहा, कुछ दिन पहले मैं वॉलमार्ट के CEO से मिला और उन्होंने कहा कि उनकी कंपनी अगले 3-4 साल में 80 हजार करोड़ रुपए का निर्यात करेगी। लॉजिस्टिक्स और सप्लाई चेन सेक्टर में काम करने की चाहत रखने वाले युवाओं के लिए यह बड़ी खबर है। सिस्को के CEO ने मुझे यह भी बताया कि वे 8 हजार करोड़ रुपए के मेड-इन-इंडिया उत्पादों के निर्यात का भी लक्ष्य बना रहे हैं। अगले सप्ताह मैं बड़ी कंपनियों के CEO से मिलूंगा और वे सभी भारत में निवेश करने के लिए उत्साहित हैं।
