अमित शाह बोले तेलंगाना में मुस्लिम आरक्षण खत्म करेंगे
हैदराबाद. केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने कहा अगर तेलंगाना में भाजपा की सरकार बनी तो राज्य में मुस्लिम आरक्षण खत्म कर देंगे। पिछले 8-9 सालों से चल रही KCR की भ्रष्ट सरकार की उल्टी गिनती शुरू हो चुकी है। शाह तेलंगाना के चेवेल्ला में जनसभा को संबोधित कर रहे थे। शाह ने कहा- KCR की पार्टी BRS का चुनाव चिह्न कार है। इस कार की स्टीयरिंग मजलिस (ओवैसी) के पास है। अब स्टीयरिंग मजलिस के पास है तो कार की दिशा अच्छी हो सकती है क्या। ये भारत का नक्शा भी बनाते हैं तो उसमें कश्मीर आजाद होता है। आजाद कश्मीर बताकर इन्होंने भारत का अपमान किया है।
लोगों का ध्यान हटाने के लिए पार्टी का नाम बदला
शाह ने कहा- पूरी दुनिया KCR की पार्टी के खिलाफ लोगों के गुस्से को देख रही है। लोगों को KCR और उनके परिवार के भ्रष्टाचार के बारे में पता चल गया है। लोगों का ध्यान भटकाने के लिए KCR ने अपनी पार्टी तेलंगाना राष्ट्र समिति (TRS) का नाम बदलकर भारत राष्ट्र समिति (BRS) कर दिया है। उन्होंने कहा कि भाजपा तेलंगाना में सरकार बनाएगी, जिसके बाद भ्रष्टाचारियों को जेल में डाल दिया जाएगा।
