जल जीवन मिशन के कार्यों को तेजी से पूरा किया जाए – भारत सिंह कुशवाह

जल जीवन मिशन की समीक्षा बैठक सम्पन्न
ग्वालियर – उद्यानिकी एवं खाद्य प्रसंस्करण राज्य मंत्री भारत सिंह कुशवाह ने जल जीवन मिशन की विस्तार से समीक्षा की। गर्मी के मौसम को देखते हुए जल जीवन मिशन के माध्यम से घर-घर तक जल पहुँचाने के कार्य को सर्वोच्च प्राथमिकता देने के निर्देश दिए । जिला पंचायत के सभाकक्ष में आयोजित हुई जल जीवन मिशन की बैठक में योजनावार प्रगति की समीक्षा की गई। बैठक में जिला पंचायत की उपाध्यक्ष श्रीमती प्रियंका सतेन्द्र गुर्जर, जिला पंचायत सदस्य आलोक शर्मा, जितेन्द्र यादव, राजू खटीक, आशा जसवंत झाला, मंदे बाई, शिवराज यादव, अतिरिक्त मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत विजय दुबे सहित जल जीवन मिशन से जुड़े अधिकारी उपस्थित थे।
उद्यानिकी एवं खाद्य प्रसंस्करण मंत्री भारत सिंह कुशवाह ने कहा है कि जल जीवन मिशन की जिन योजनाओं में टंकी निर्माण का कार्य प्रगतिशील है उन योजनाओं में बोर के माध्यम से घर-घर तक पानी देना प्रारंभ किया जाए ताकि गर्मी के मौसम में लोगों को पेयजल की दिक्कत न हो। उन्होंने यह भी निर्देशित किया है कि जहाँ पर पाइप लाइन डालने का काम पूर्ण हो चुका है वहाँ पर बरसात के पूर्व सीमेंट कंक्रीट का कार्य भी पूर्ण कर लिया जाए।
जल जीवन मिशन केन्द्र सरकार एवं मध्यप्रदेश सरकार की प्राथमिकता वाली योजना है। इस योजना के माध्यम से ग्रामीणों के घर-घर तक शुद्ध पेयजल पहुँचाने का कार्य किया जा रहा है। इस योजना का क्रियान्वयन सर्वोच्च प्राथमिकता के साथ किया जाए।
जिला पंचायत के अतिरिक्त मुख्य कार्यपालन अधिकारी डॉ. विजय दुबे ने बैठक में बताया कि लगभग 50 से अधिक ऐसी योजनायें हैं जो वर्ष 2021 में स्वीकृत हुई हैं लेकिन विद्युत मण्डल और लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग के आपसी समन्वय के कारण अभी तक पूर्ण नहीं हो पाई हैं। इन योजनाओं को पूर्ण करने हेतु शीघ्र ही दोनों विभागों की संयुक्त बैठक भी बुलाई जायेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *