‘कांग्रेस बनाम सिंधिया’ के दांव में उलझे ज्योतिरादित्य

भोपाल. केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया को लेकर दिए बयान कि ‘हे महाकाल, दूसरा ज्योतिरादित्य सिंधिया कांग्रेस में पैदा न हो’ से पूर्व मुख्यमंत्री व राज्यसभा सदस्य दिग्विजय सिंह ने कांग्रेस की चुनावी रणनीति के संकेत दे दिए हैं। उन्होंने चुनावी जंग को ‘कांग्रेस बनाम सिंधिया’ का रूप देते हुए अपने दांव में सिंधिया कैंप को उलझा लिया है। शुक्रवार को दिए बयान को लेकर कांग्रेस और सिंधिया कैंप के बीच चले बयानों के बाण स्पष्ट करते हैं कि दिग्विजय सिंह 2023 का विधानसभा चुनाव 2020 की 28 सीटों के उपचुनाव की परछाई में लड़ने को आतुर हैं। यानी, ग्वालियर-चंबल संभाग के साथ पूरे प्रदेश में यह संदेश देना चाहते हैं कि सिंधिया के ही कारण कमल नाथ सरकार गिरी और उनके इस धोखे का बदला लेने का समय आ गया है। दरअसल, कांग्रेस को निशाने पर लेने के लिए भाजपा ने कई चेहरे तय कर रखे हैं, जबकि कांग्रेस के पास जवाबी हमले के लिए शिवराज सिंह चौहान ही अकेला चेहरा रहे हैं।

सीएम शिवराज ने कहा, सिंधिया गद्दार नहीं खुद्दार हैं
मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि कांग्रेस में छोटेपन और ओछेपन की होड़ लगी है। हर नेता दूसरे नेता को छोटा करने के लिए बड़ा बयान देना चाहता है। इस होड़ में कमल नाथ और दिग्विजय सिंह सब शामिल हैं। कांग्रेस का क्या होगा भगवान ही जाने। गद्दार (ज्योतिरादित्य सिंधिया) नहीं, वो खुद्दार हैं, आखिर कांग्रेस में कितना अपमान सहते। चुनाव (2018) लड़ा सिंधिया जी के नाम पर और मुख्यमंत्री बना दिया बुजुर्ग कमल नाथ जी को। सरकार भी दिग्गी राजा चला रहे थे। बार-बार सिंधिया जी और उनके साथी जनसमस्याओं की तरफ ध्यान दिला रहे थे, लेकिन कमल नाथ जी का अहंकार इतना बड़ा था कि जब सिंधिया जी ने कहा कि यह काम करो नहीं तो हम सड़कों पर उतरेंगे, तो कहा उतर जाओ। ईगो ऐसा कि कहा मैं तो गाड़ी में बिठाकर छोड़ आऊंगा दूसरी पार्टी में। इसे कोई भी खुद्दार कैसे बर्दाश्त करता।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *