पाइप लाइन बिछाने के लिये खोदी गई सड़कों की मरम्मत न होने पर भारतसिंह कुशवाह ने जताई नाराजगी

बैठक लेकर की नल-जल योजना, विद्युत व्यवस्था एवं निर्माण कार्यों की समीक्षा
ग्वालियर नल-जल योजनाओं की पाइप लाइन बिछाने के लिये खोदी गईं गाँवों के भीतर की सड़कों को दुरूस्त न किए जाने पर उद्यानिकी एवं खाद्य प्रसंस्करण राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) भारतसिंह कुशवाह ने नाराजगी जताई है। उन्होंने शुक्रवार को जिला पंचायत के सभागार में आयोजित हुई बैठक में कार्यपालन यंत्री लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी को निर्देश दिए कि संबंधित ठेकेदारों से अभियान बतौर गाँवों की सड़कों की मरम्मत कराएँ, जो ठेकेदार इसमें आनाकानी करें उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए।
मुरार क्षेत्र के जिन गाँवों में नल-जल योजनाओं की पाइप लाइन डाली जा चुकी हैं पर टंकी का निर्माण नहीं हो पाया है, वहाँ गर्मी के मौसम को ध्यान में रखकर पम्प से पानी की आपूर्ति की जाए। बैठक में जिला पंचायत के सदस्य डॉ. जितेन्द्र रावत तथा आलोक शर्मा व राजू खटीक सहित अन्य जनप्रतिनिधिगण, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी डॉ. विजय दुबे, कार्यपालन यंत्री पीएचई जागेश श्रीवास्तव, जनपद पंचायत के सीईओ राजीव मिश्रा व विद्युत वितरण कंपनी एवं अन्य निर्माण विभागों के अधिकारी मौजूद थे।
युद्ध स्तर पर बदलें खराब ट्रांसफार्मर
मुरार ग्रामीण क्षेत्र में युद्ध स्तर पर खराब ट्रांसफार्मर बदलने के निर्देश विद्युत वितरण कंपनी के अधिकारियों को दिए। साथ ही कहा कि किसी भी गाँव में आवश्यकता से कम क्षमता के ट्रांसफार्मर कदापि न लगाए जाएँ। कम क्षमता के ट्रांसफार्मर जल्दी फुकते हैं और आम जन में आक्रोश उत्पन्न होता है। इस प्रकार की प्रवृत्ति कतई बर्दाश्त नहीं होगी।
निर्माण कार्यों के पूरे होने की समय-सीमा सहित कार्ययोजना माँगी
खासतौर पर मुरार विकासखंड के विकास कार्यों की विस्तार से समीक्षा की। उन्होंने पीआईयू सहित अन्य निर्माण एजेन्सियों को निर्देश दिए कि सरकार द्वारा स्वीकृत किए गए इस क्षेत्र के सभी निर्माण कार्यों के पूरे होने की कार्ययोजना प्रस्तुत करें। उन्होंने खासतौर पर निर्माणाधीन तानसेन तहसील भवन, हस्तिनापुर अस्पताल, बेरजा अस्पताल, मुरार तहसील भवन व अन्य महत्वपूर्ण कार्यों का जिक्र इस अवसर पर किया ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *