हे महाकाल दूसरे सिंधिया कांग्रेस में पैदा न हों, ST-SC विधायकों ने 50-50 करोड़ ठुकरा दिए, बड़े-बड़े महाराज बिक गए

उज्जैन. पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह ने ज्योतिरादित्य सिंधिया पर कटाक्ष करते हुए कहा- हे प्रभु हे महाकाल दूसरे ज्योतिरादित्य सिंधिया कांग्रेस में पैदा न हो। 15 महीने में हमारे धनाढ्य विधायक कमाई में लग गए और बिक गए। हमारे अनुसूचित जाति-जनजाति के विधायकों को भी ऑफर आए थे। 50 करोड़ के ऑफर ठुकरा दिए, लेकिन बड़े-बड़े महाराजा बिक गए। आगामी चुनाव में विशेष ख्याल रखेंगे कि इस बार हमारा प्रत्याशी टिकाऊ हो, ना कि बिकाऊ।

उधर, ज्योतिरादित्य सिंधिया ने भी दिग्गी पर पलटवार करते हुए कहा, हे प्रभु महाकाल कृपया दिग्विजय सिंह जी जैसे देशविरोधी और मध्यप्रदेश के बंटाधार भारत में पैदा न हों। पूर्व सीएम शुक्रवार को दो दिवसीय प्रवास पर उज्जैन पहुंचे। मीडिया से चर्चा में उनके निशाने पर सिंधिया और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी रहे। जम्मू कश्मीर में आतंकी घटना का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा- प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने नोटबंदी के बाद कहा था कि इससे आतंकी घटनाएं रूक जाएंगी। आतंकी हमले पहले घाटी में होते थे, अब जम्मू तक पहुंच गए हैं। 370 हटाने के बाद रक्षा मंत्रालय और गृह मंत्रालय के आंकड़े बता रहे हैं कि आतंकवादी घटनाएं बढ़ी हैं। पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा जम्मू में हुई आतंकवादी घटनाओं में चाइना के कारतूस भी मिले हैं। ये नई बात सामने आई है कि चीन की ओर से भी आतंकवादी गतिविधियों को समर्थन दिया जा रहा है।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *