अतीक के हत्यारे लवलेश का MP कनेक्शन, रेत की खदानों में जमकर रॉयल्टी वसूली, 6 लड़के भी साथ लाया था

बालाघाट. यूपी के गैंगस्टर अतीक अहमद की हत्या का मुख्य आरोपी लवलेश तिवारी मध्यप्रदेश के बालाघाट में लंबे समय तक सक्रिय रहा है। मूल रूप से उत्तर प्रदेश के बांदा जिले का रहने वाला लवलेश यहां शराब और रेत के कारोबारियों का खास हुआ करता था। खनन माफिया ने उसकी आपराधिक छवि के लिहाज से उसे रेत खनन के दौरान डंपरों से रॉयल्टी वसूलने का जिम्मा दिया था। वो बालाघाट अकेला नहीं आया था, बल्कि अपने साथ 6 लड़के भी लेकर आया था। एक शराब कारोबारी ने उन्हें यहां किराए के मकान में ठहरवाया था। उस दौरान उसने फेसबुक पोस्ट पर खुद को खदान माफिया का करीबी बताया था। अतीक की हत्या के बाद अब बालाघाट पुलिस और रेत कारोबारी दोनों ही उसके यहां होने की जानकारी से मना कर रहे हैं। हालांकि, मध्यप्रदेश पुलिस के एक बड़े अफसर ने स्वीकार किया कि लवलेश के यहां होने की जानकारी को वेरिफाई किया जा रहा है। ये भी देखा जा रहा है कि उसके यहां खदान कारोबारियों से कैसे रिश्ते रहे हैं। अधिकारी ने ये भी माना कि फौरी तौर पर इसका अपराध से भले ही लेना-देना न हो, लेकिन क्रिमिनल ट्रैकिंग के लिए ऐसे कनेक्शन पता किए जा रहे हैं।

गिरफ्तारी से बचने के लिए बालाघाट आया था लवलेश
बांदा में कुछ स्थानीय लोगों से पता चला कि खुद पर दर्ज मामलों में गिरफ्तारी से बचने के लिए वह अपने 5-6 दोस्तों के साथ अप्रैल 2021 में मध्यप्रदेश के बालाघाट आ गया था। उसने अपनी फेसबुक आईडी महाराज लवलेश तिवारी (चुचु) नाम से बनाई और रेत खदानों से जुड़ी कुछ पोस्ट भी की। इन पोस्ट्स में वो खुद को रेत माफिया बताता था। इसी नाम से उसकी एक नहीं तीन से चार आईडी हैं। एक आईडी प्राइवेसी सेटिंग के तहत ब्लॉक है।

बालाघाट का रेत कारोबारी और लवलेश दोनों बांदा के
बालाघाट के सबसे बड़े रेत कारोबारी राजेश पाठक कहा कि लवलेश तिवारी से मेरी कभी कोई मुलाकात नहीं हुई। कभी फोन पर भी बात नहीं हुई। मैं उसको नहीं जानता। बालाघाट में रेत कारोबार से जुड़े किसी भी व्यक्ति के साथ उसका कोई संपर्क नहीं रहा है। सब फर्जी खबरें चल रही हैं। वो यहां घूमने आया होगा। देवी मंदिर में फोटो डाली हैं। घूमने के लिए 10-12 दिन के लिए आया होगा, इसलिए इस तरह की खबरें बन रही हैं। उन्होंने कहा कि मुझे बांदा छोड़े 30 साल हो गए। अब बांदा मेरे लिए परदेश है। लोग बता रहे हैं 2 साल पहले वो यहां रहा है। अभी 22 साल का है तब 20 साल का रहा होगा। 20 साल के लड़के से मेरी क्या जान पहचान होगी। मैं उसको नहीं जानता। ये संबंध जोड़ना गलत है।

भाई बोला- हमसे कोई मतलब नहीं
भाई वेद तिवारी ने कहा, ‘लवलेश बड़े भाई हैं। उनसे कोई मतलब नहीं है। वह एक हफ्ते पहले बांदा आए थे। पहले एक हिंदू संगठन में काम करते थे, लेकिन 6 साल पहले सदस्यता छोड़ दी थी। इस समय कोई भी काम नहीं करते। मैं ग्रेजुएशन सेकंड ईयर का छात्र हूं। इसलिए अपनी पढ़ाई में व्यस्त रहता हूं।’ पुलिस ने बताया कि लवलेश पर 3 मामले दर्ज हैं। दो केस बांदा कोतवाली और एक केस बांदा की ही चिल्ला कोतवाली में दर्ज है।

लवलेश तिवारी खुद को बजरंग दल से जुड़ा बताता रहा
लवलेश के पिता यज्ञ तिवारी मूलरूप से चिल्ला थाना के लौमर गांव के रहने वाले हैं। वह क्योटरा मोहल्ले में अधिवक्ता रामस्वरूप सिंह के मकान में करीब सात साल से रह रहे हैं और स्कूल बस चलाते हैं। यज्ञ तिवारी के चार बेटों में बड़ा बेटा रोहित साधु वेश धारण कर कहीं चला गया। दूसरे नंबर का मोहित परिवार के साथ अलग रहता है। लवलेश से छोटा वेद बीटेक कर रहा है। घर की माली हालत बेहद कमजोर है। वेद ने बताया कि इंटर पास होने के बाद लवलेश ने लखनऊ यूनिवर्सिटी से बीए में प्रवेश लिया था। लवलेश की फेसबुक आईडी में जिला सह सुरक्षा प्रमुख बजरंग दल लिखा है। बजरंग दल जिलाध्यक्ष अंकित पांडेय का कहना है कि लवलेश हमारे संगठन का पदाधिकारी, कार्यकर्ता व सदस्य नहीं है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *