कांग्रेस ने 16 नेताओं को सौंपी 52 जिलों की जिम्मेदारी
भोपाल. मप्र में विधानसभा चुनाव को लेकर कांग्रेस ने अलग-अलग नेताओं को तीन-तीन जिलों की जिम्मेदारी दी है। ये सभी नेता अपने क्षेत्र में अभी से चुनावी रणनीति बनाने का काम करेंगे। कांग्रेस की इस लिस्ट में नेताओं को क्षेत्रवार और जातीय समीकरणों के आधार पर प्रभार दिया गया है। नेताओं के जिलों के प्रभार की लिस्ट फाइनल हो चुकी है। एक दो दिन में इसका औपचारिक ऐलान हो जाएगा।
16 नेताओं में बांटा एमपी
फूलसिंह बरैया को श्योपुर,मुरैना,भिंड की जिम्मेदारी दी गई है। बरैया ग्वालियर चंबल क्षेत्र में दलित वर्ग में अच्छी पैठ रखते हैं। बीजेपी ने हाल ही में अंबेडकर महाकुंभ का आयोजन किया था। एट्रोसिटी एक्ट आंदोलन का सबसे ज्यादा असर इसी इलाके में देखने को मिला था। ऐसे में दलित वोटर्स को आकर्षित करने के लिए बरैया चंबल संभाग के तीनों जिलों को संभालेंगे।
पूर्व विधायक और दलित नेता फूल सिंह बरैया चंबल संभाग के तीन जिले संभालेंगे।
अजय सिंह राहुल को ग्वालियर, दतिया, शिवपुरी की जिम्मेदारी दी गई है। केन्द्रीय मंत्री नरेन्द्र सिंह तोमर और ज्योतिरादित्य सिंधिया के क्षेत्र ग्वालियर, दतिया और शिवपुरी की जिम्मेदारी दी गई है। अजय सिंह सिंधिया और तोमर क्षेत्र में कांग्रेस के संगठन को दुरुस्त करने से लेकर बूथ मैनेजमेंट और इलेक्शन की कैम्पेनिंग के लिए रणनीति बनाएंगे।
अरुण यादव को निवाड़ी,टीकमगढ़,छतरपुर,सागर की जिम्मेदारी दी गई है। इस क्षेत्र में यादव वर्ग के वोटर्स निर्णायक हैं। इन जिलों में यादव वर्ग के कई नेता अलग-अलग पार्टियों से विधायक रह चुके हैं। लिहाजा यादव वोटर्स पर पकड़ मजबूत करने के लिए अरुण को यहां इंचार्ज बनाया गया है। टीकमगढ़, निवाड़ी दो ऐसे जिले हैं जहां कांग्रेस का एक भी विधायक नहीं हैं।
अरुण यादव को बुन्देलखंड के चार अहम जिलों का प्रभारी बनाया गया है।
जीतू पटवारी को सतना,पन्ना,दमोह,रायसेन की कमान दी गई है। पटवारी अपनी आक्रामक शैली के लिए जाने जाते हैं। विंध्य, बुन्देलखंड और भोपाल से सटे रायसेन में पटवारी कांग्रेस उम्मीदवारों को जिताने की रणनीति बनाएंगे।
सुरैश पचौरी को सिंगरौली,सीधी,रीवा,कटनी- पूर्व केन्द्रीय मंत्री सुरेश पचौरी विंध्य में ब्राह्मण वर्ग को साधने के लिए काम करेंगे। विंध्य में पिछली बार मिली करारी हार के बाद कांग्रेस ने सुरेश पचौरी को विंध्य का प्रभारी बनाया है।
नेता प्रतिपक्ष गोविंद सिंह अनूपपुर,शहडोल,उमरिया,जबलपुर का प्रभार दिया गया है। महाकौशल के मुख्यालय जबलपुर से लेकर अनुपपुर, उमरिया, शहडोल में नेता प्रतिपक्ष डॉ गोविन्द सिंह को संगठन विस्तार से लेकर चुनाव जिताने की रणनीति बनाने का काम सौंपा गया है।
तरुण भनोट डिंडौरी,बालाघाट,सिवनी,मंडला,नरसिंहपुर जिले का प्रभारी बनाया गया है। भनोट इन जिलों की एक-एक विधानसभा में दौरे कर जमीनी स्थिति का जायजा लेंगे और चुनावी तैयारियों को अमली जामा पहनाएंगे।
सज्जन सिंह वर्मा छिंदवाड़ा,बैतूल,हरदा,नर्मदापुरम की कमान दी गई है। वर्मा कमलनाथ के गढ़ छिंदवाड़ा से लेकर बैतूल, हरदा और नर्मदापुरम जिले में कांग्रेस को जिताने की प्लानिंग पर काम करेंगे।
बाला बच्चन बुरहानपुर,खंडवा,धार की जिम्मेदारी दी गई है। बच्चन को निमाड में जिताऊ उम्मीदवारों को खोजने से लेकर चुनाव जिताने तक की जिम्मेदारी दी गई है।
कांतिलाल भूरिया बड़वानी,खरगौन की जिम्मेदारी दी गई है। पूर्व केन्द्रीय मंत्री और मौजूदा विधायक कांतिलाल आदिवासी बहुल जिलों में कांग्रेस के उम्मीदवारों को जिताने की रणनीति बनाएंगे।
आदिवासी नेता कांतिलाल भूरिया ट्राइबल बेल्ट में इंचार्ज रहेंगे।
मीनाक्षी नटराजन को अलीराजपुर,झाबुआ,आगर की जिम्मेदारी दी गई है। नटराजन आदिवासी बहुल झाबुआ, अलीराजपुर के साथ ही आगर में कांग्रेस की वापसी के लिए काम करेंगी।
कमलेश्वर पटेल नीमच,मंदसौर,रतलाम की जिम्मेदारी दी गई है। ओबीसी वर्ग के बडे़ चेहरे माने जाने वाले कमलेश्वर पटेल नीमच, रतलाम, मंदसौर में कांग्रेस को जिताने की रणनीति बनाएंगे।
जयवर्धन सिंह को मिली इंदौर और उज्जैन की जिम्मेदारी दी गई है। दिग्विजय सिंह के बेटे और पूर्व मंत्री जयवर्द्धन सिंह को इंदौर और उज्जैन जैसे दो बडे शहरों की जवाबदारी दी गई है।
रामनिवास रावत को मिली राजगढ़ और शाजापुर की कमान सौपी गई है। रावत इन दोनों जिलों में रावत, मीणा, गुर्जर, जाट जैसे समाज के लोगों को कांग्रेस के साथ जोडने की रणनीति बनाएंगे।
केपी सिंह गुना,अशोकनगर,विदिशा की जिम्मेदारी दी गई है। पिछोर से विधायक केपी सिंह सिंधिया के क्षेत्र के दो महत्वपूर्ण जिलों में कांग्रेस उम्मीदवारों के चयन से लेकर जिताने तक की रणनीति पर काम करेंगे।
लाखन सिंह यादव को मिली सीहोर और देवास की जिम्मेदारी दी गई है। पूर्व मंत्री लाखन सिंह यादव को सीएम शिवराज सिंह चौहान के गृहजिले सीहोर और देवास का प्रभारी बनाया गया है। लाखन सिंह के सामने इन जिलों में जिताऊ उम्मीदवारों को खोजकर उन्हें जिताने की चुनौती रहेगी।
