जिताने की जिम्मेदारी के साथ मिलेंगे कांग्रेस के वरिष्‍ठ नेताओं को क्षेत्र, दिग्विजय देखेंगे समन्वय

भोपाल. मध्य प्रदेश कांग्रेस के सभी वरिष्ठ नेताओं को क्षेत्रवार जिम्मेदारी दी जाएंगी। यहां चुनाव अभियान के संचालन के साथ पार्टी को जिताने की जिम्मेदारी भी इन्हीं नेताओं की रहेगी। यह निर्णय सोमवार को देर शाम प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कमल नाथ के आवास पर हुई चुनाव अभियान समिति की बैठक में लिया गया। पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह पूर्व की तरह समन्वय का काम देखेंगे। सभी नेताओं को दौरे बढ़ाने, कार्यकर्ताओं से जीवंत संपर्क रखने और भाजपा सरकार की असफलताओं को जनता के बीच प्रभावी तरीके से रखने के लिए कहा गया।

सूत्रों के अनुसार बैठक में प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ने बताया कि पार्टी के पक्ष में वातावरण है। हमने डेढ़ हजार रुपये प्रतिमाह महिलाओं को सम्मान निधि देने, कर्मचारियों की पुरानी पेंशन बहाली, पांच सौ रुपये में रसोई गैस सिलेंडर देने सहित अन्य जो घोषणाएं की हैं, उन्हें वचन पत्र में शामिल कर रहे हैं। आप सभी दौरे बढ़ाएं और प्रभावी तरीके से जनता को बताएं कि कांग्रेस की सरकार आने पर हम उनके लिए क्या-क्या करेंगे। किसानों की कर्ज माफी भी करेंगे और युवाओं के रोजगार के लिए कार्यक्रम लगाएंगे।

बैठक में बताया गया कि सभी वरिष्ठ नेताओं से जल्द ही क्षेत्रवार जिम्मेदारी दी जा रही है। किसी का क्षेत्र विशेष को लेकर कोई सुझाव हो तो दें पर सबने एक सुर में कहा कि जो भी जिम्मेदारी दी जाएगी, उसे पूरा किया जाएगा। कमल नाथ ने कहा कि क्षेत्र में पार्टी को जिताने की जिम्मेदारी भी आपकी रहेगी। आप सभी वरिष्ठ और पर्याप्त अनुभवी हैं। दौरे बढ़ाएं और कार्यकर्ताओं को उत्साहित करें। भाजपा सरकार की असफलताओं को जनता के बीच रखें। इस दौरान संभाग स्तर पर सम्मेलन करने पर भी विचार किया गया। बैठक में पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह, सुरेश पचौरी, अरुण यादव, कांतिलाल भूरिया, अजय सिंह, डा.गोविंद सिंह, सज्जन सिंह वर्मा, बाला बच्चन, मीनाक्षी नटराजन, लाखन सिंह यादव, तरुण भनोत, जीतू पटवारी, कमलेश्वर पटेल, जयवर्धन सिंह, फूल सिंह बरैया, रामनिवास रावत उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *