ग्वालियर में CM के आते ही महिलाओं ने किया हंगामा, आशा कार्यकर्ताओं ने रोका CM का रास्ता
ग्वालियर. अम्बेड़कर महाकुंभ के दौरान जैसे ही प्रदेश के मुखिया शिवराज सिंह मंच पर बोलने के लिए आए दर्शक दीर्घा में आधा दर्जन से ज्यादा महिलाएं खड़ी होकर चिल्लाने लगीं मदद करो मामा। महिलाएं रो रही थीं। उन्हें देख तत्काल पुलिस ने घेर लिया और बाहर ले गए। महिलाएं गांव के दबंगों से परेशान थीं। 24 मार्च 2021 को महिला के घर पर पड़ोिसयों ने हमला किया था। दनादन गोलियां चली थीं। जिसमें एक गोली महिला के जबड़े में लगी थी। इस पर मुरैना के बागचीनी थाने में 9 हमलावरों पर हत्या का मामला दर्ज किया। महिलाओं का आरोप था कि 13 महीने बीत गए कोई हमलावर नहीं पकड़ा है। हमलावर गांव में राइफल, बंदूक लेकर घूम रहे हैं, धमकाते हैं। पुलिस उनसे मिली हुई है। कार्यक्रम के बाद CM ने महिलाओं से मुलाकात की और बोले कार्रवाई होगी आप विश्वास रखें। CM जैसे से ही कार्यक्रम स्थल से बाहर निकले उनका रास्ता नाराज आशा कार्यकर्ताओं ने रोक लिया। आशा कार्यकर्ताओं ने अपनी वेतन व अन्य मांगों पर जवाब मांगा। यहां बता दें कि आशा कार्यकर्ताआ एक महीने से फूलबाग पर धरना प्रदर्शन पर बैठी हैं।
आशा कार्यकर्ताओं ने रोका रास्ता
सीएम के कार्यक्रम से बाहर निकलते ही आशा कार्यकर्ताओं ने सीएम शिवराज का रास्ता रोक लिया। उनका आरोप था कि सरकार उनकी नहीं सुन रही है। एक महीने से हम धरना प्रदर्शन कर रहे हैं, लेकिन कोई मिलने तक नहीं आया। हमारे वेतर से लेकर अन्य मांगों पर ध्यान दिया जाए। सीएम ने मदद का आश्वासन दिया है।
क्या बोले सीएम
महिलाओं से कार्यक्रम के आखिर में सीएम शिवराज सिंह ने बात की है। उन्होंने महिलाओं की परेशानी को समझा और कहा कि अब कार्रवाई होगी। उन्होंने अफसरों को इस मामले में तत्काल एक्शन लेने के लिए कहा है। जिसके बाद महिलाएं भी संतुष्ट नजर आई हैं। उनका कहना है कि सीएम ने कहा है तो कार्रवाई होगी।
